बच्ची की लाश कनस्तर में ठूंसी, आटे की बोरी रखी:आगरा में गला काटकर हत्या, किराएदार के कमरे में मिला शव
आगरा। आगरा में जूता कारोबारी की 8 साल की बच्ची की गला काटकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 8 बजे किराएदार के कमरे में रखे एक कनस्तर से बच्ची की लाश मिली। ऊपर आटे की बोरी रखी हुई थी। वारदात के बाद से किराएदार फरार है। पुलिस को शक है कि उसी ने हत्या की है।
बच्ची मंगलवार दोपहर 2 बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। 30 घंटे बाद पुलिस ने उसका शव बरामद किया। बेटी की लाश देखकर मां बेहोश हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया।
लोग सड़क पर उतर आए। जाम लगा दिया। पथराव किया। कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। सूचना पर डीसीपी सिटी अली अब्बास फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। घटना थाना ताजगंज क्षेत्र की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि शव पर और कोई चोट है या नहीं। आरोपी किराएदार के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश में 10 टीमें लगाई गई हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इलाके में जूता करोबारी के 2 मकान हैं। एक घर में वो पत्नी और 2 बेटियों के साथ रहते हैं। ठीक सामने वाले मकान के ग्राउंड फ्लोर पर फैक्ट्री और गोदाम है। घर के ऊपर एक कमरा किराए पर दे रखा है। इसमें आरोपी सुनील रहता है। वह पेंटिंग का काम करता है।
कारोबारी ने बताया- मंगलवार दोपहर 2 बजे मोहल्ले के कुछ बच्चे आए। बड़ी बेटी उनके साथ खेलने चली गई। काफी देर तक वह दिखाई नहीं दी तो मैंने सोचा कि ट्यूशन पढ़ने चली गई होगी। शाम के 4:30 बजे तक लौटी नहीं तो उसकी मां को चिंता हुई। फिर हम लोगों ने तलाश शुरू की। ट्यूशन टीचर को फोन कर पूछा। उन्होंने बताया कि बेटी आज आई ही नहीं थी।
पिता ने बताया- मैंने पुलिस को सूचना दी। मोहल्ले के लोगों के साथ हम बेटी को आसपास खोजते रहे। पुलिस ने गलियों में लगे उउळश् खंगाले। इसमें दोपहर 2:00 बजे बेटी गली के बाहर एक दुकान पर चिप्स का पैकेट लेती नजर आई। फिर वह वहां से वापस जाती दिखी।
पुलिस ने देर शाम मेरी तहरीर पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली। अउढ पीयूष कांत राय के नेतृत्व में 4 टीमें बनाई गईं। पुलिस की एक टीम घर के आसपास के कैमरे देख रही थी। दूसरी टीम घरवालों से बातचीत और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही थी।
पिता ने बताया- तीसरी टीम घरों की तलाशी में लग गई। पुलिस ने मोहल्ले के हर घर की तलाशी ली, मगर मंगलवार को बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच मैंने पुलिस को बताया कि किराएदार सुनील बच्ची के लापता होने के बाद से हमारे साथ था। वह भी बच्ची को तलाश रहा था। वह मेरे साथ गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी गया था।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस मोहल्ले के घरों की जांच करने लगी तो सुनील दिखाई नहीं दिया। वह अपने कमरे पर ताला लगाकर चला गया। मेरे शक जाहिर करने पर पुलिस ने बुधवार रात 8 बजे किराएदार के कमरे का ताला खोला। इसके बाद कमरे की तलाशी ली गई, तो कनस्तर में बेटी की लाश मिली। ऊपर आटे की बोरी रखी थी। उसके ऊपर एक लाल रंग की रजाई रखी थी।



