मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताने पर बडे़ भाई की हत्या:आगरा में छोटे भाई ने पीट-पीटकर मार डाला

आगरा । आगरा में मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताने पर छोटे भाई ने बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई मां को भी धक्का देकर गिरा दिया। वारदात के बाद वह भागने लगा। मां ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर गली के लोगों ने पीछाकर उसे पकड़ लिया।
मां ने कहा- छोटे बेटे ने उनका पूरा संसार उजाड़ दिया। वह बड़े बेटे की शादी के लिए लड़की देख रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उसे मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए।
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना शुक्रवार देर रात थाना कोतवाली के टीला माईथान इलाके की है।
टीला माईथान की रहने वाली पूनम शर्मा ने बताया- वह बाग मुजफ्फर खां क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में नर्स हैं। पति की करीब 5 महीने पहले मौत हो गई थी। मेरे दो बेटे हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे बड़ा बेटा गौरव (30) और छोटा बेटा आकाश (26) घर पर थे। सभी ने साथ में खाना खाया और फिर सोने चले गए।
थोड़ी देर बाद आकाश नीचे आया। उसने गौरव से मोबाइल मांगा कि जीजा को फोन करना है। गौरव ने मोबाइल दे दिया, लेकिन जब आकाश ने पासवर्ड पूछा तो उसने नहीं बताया। इस पर आकाश गुस्से में आ गया।
उसने कहा- मकान का बंटवारा कर दो। बडे़ भाई गौरव ने इसका विरोध किया। इस पर आकाश अपने भाई से भिड़ गया। उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। उसे जमीन पर गिरा दिया और पेट में लात घूसे मारने लगा। लाठी-डंडे से पीटने लगा। इसके बाद एलईडी उठाकर उसके सिर पर मार दी।
गौरव के सिर से खून बहने लगा। शोर सुनकर दूसरे कमरे से मां पूनम दौड़कर आई तो आकाश ने उसे भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।
मां पूनम ने बताया कि जब गौरव तड़पने लगा तब आकाश ने कहा- अभी इसकी सांस चल रही है, इसे अस्पताल ले जाओ। इसके बाद मां ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल गौरव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है।
मां पूनम ने कहा- आकाश करीब सात महीने पहले मुंबई से काम छोड़कर घर आ गया था। वह शादी-पार्टी में फोटोग्राफी का काम करता था, लेकिन उसके पास अक्सर पैसों की तंगी रहती थी। आकाश को कुछ समय से जुआ और सट्टा खेलने की लत लग गई थी। वह नशा भी करने लगा था। वह रोज उनसे रुपए मांगता था। पैसे नहीं देने पर झगड़ा करता था। मकान के बंटवारे को लेकर भी हंगामा करता था।




