चैंपियंस लीग: स्टार फुटबॉलर विनीशियस जूनियर के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार? बेनफिका के फुटबॉलर्स पर लगाए गंभीर आरोप
मैड्रिड । ब्राजील के खिलाड़ी विनीशियस जूनियर ने चैंपियंस लीग फुटबाल टूनार्मेंट के प्लेआॅफ के मुकाबले में रियल मैड्रिड की तरफ से बेनफिका के खिलाफ विजयी गोल करने के बाद नस्लीय दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। खेल को तब रोक दिया गया जब विनीशियस ने दावा किया कि रियल मैड्रिड की 1-0 से जीत के दौरान एक प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी ने नस्लीय टिप्पणी करके उनका अपमान किया।
रियल मैड्रिड के डिफेंडर ट्रेंट अलेक्जेंडर अर्नोल्ड ने मैच के बाद कहा, ‘अपने करियर के दौरान उन्हें कई बार इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा है और उन्होंने इसे बखूबी संभाला है। लेकिन उनके प्रति इस तरह का व्यवहार जारी रहना और इस मैच की रात ऐसा होना फुटबॉल के लिए शर्मनाक है।’
इस बीच मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को मोनाको के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। पीएसजी एक समय दो गोल से पीछे चल रहा था, लेकिन सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी डेजायर डूए के शानदार प्रदर्शन से वह आखिर में 3-2 से जीत हासिल करने में सफल रहा। अन्य मैचों में गैलाटासराय ने युवेंटस को 5-2 से हराया जबकि बोरुसिया डॉर्टमुंड ने अटलांटा के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की।
विनीशियस ने स्टेडियम आॅफ लाइट में बेनफिका के खिलाफ प्लेआॅफ के पहले चरण में रिकॉर्ड 15 बार के चैंपियन रियाल मैड्रिड को बढ़त दिलाने के बाद रेफरी फ्रांकोइस लेटेक्सियर को नस्लवादी टिप्पणी की जानकारी दी। उन्होंने अर्जेंटीना के खिलाड़ी जियानलुका प्रेस्टियानी की ओर इशारा किया।
बेनफिका के कोच जोस मोरिन्हो ने हालांकि कहा कि उनके खिलाड़ी ने नस्लीय टिप्पणी करने के आरोपों से इनकार किया है। मोरिन्हो ने कहा, ‘उन्होंने मुझे अलग-अलग बातें बताईं। लेकिन कुछ तो गड़बड़ है क्योंकि हर बार ऐसा होता है। जहां भी विनीशियस खेला, वहां हमेशा कुछ न कुछ हुआ।’




