राज चौहान हत्याकांड में 2 और एनकाउंटर:एत्मादपुर और बमरौली कटारा में 2 आरोपियों के पैर में लगी गोली
आगरा । राज चौहान हत्याकांड में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। मुख्य आरोपी अरबाज के एनकाउंटर के बाद आगरा पुलिस ने गुरुवार रात दो जगहों पर हुई मुठभेड़ में 3 और आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इनमें से 2 के पैर में गोली लगी है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गुरुवार रात को पहला थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में हुआ। गुरुवार रात पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। तभी एत्मादपुर मदरा अंडरपास से अभियुक्त विष्णु पंडित उर्फ भुल्ला, निवासी कालिंदी विहार, मोती कुंज वहां से गुजर रहा था।
पुलिस को देखकर वह भाग निकला। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन उसने फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में भुल्ला के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
अभियुक्त के पास से तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले हैं। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुल्ला राज चौहान हत्याकांड में आरोपी है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसके एक अन्य साथी शिवांश शर्मा, नगला किशन लाल टेढ़ी बगिया को भी मौके से पकड़ा गया है। उसके पास से भी तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले हैं।
दूसरी मुठभेड़ एत्मादपुर थाना क्षेत्र में हुई। मुखबिर की सूचना पर एत्मादपुर थाना पुलिस राज हत्याकांड के आरोपी आकाश प्रजापति, निवासी कालिंदी विहार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
उसके पास से तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस सहित एक मिस कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल स्प्लेंडर बरामद हुई है। आकाश प्रजापति पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।



