जनवरी सत्र की विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा के नतीजे घोषित; 10,264 उम्मीदवार हुए पास

नेशनल बोर्ड आॅफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (ठइएटर) ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन जनवरी 2026 सत्र का रिजल्ट जारी कर दिया है। जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
एनबीईएमएस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, एफएमजीई जनवरी 2026 परीक्षा में कुल 43,933 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें से 10,264 उम्मीदवार परीक्षा में सफल घोषित किए गए, जबकि 32,604 उम्मीदवार असफल रहे। इसके अलावा 1,061 उम्मीदवार परीक्षा में अनुपस्थित थे और 4 उम्मीदवारों का रिजल्ट फिलहाल रोक दिया गया है।
पास प्रतिशत रहा 23.37%
परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 23.37 प्रतिशत दर्ज किया गया है। रिजल्ट में उम्मीदवारों का रोल नंबर, 300 में से प्राप्त अंक और क्वालिफाइंग स्टेटस दिया गया है। परीक्षा पास करने के लिए उम्मीदवारों को कम से कम 150 अंक (300 में से) हासिल करना अनिवार्य था।
जो उम्मीदवार इस परीक्षा में सफल हुए हैं, उन्हें आगे चलकर पास सर्टिफिकेट और प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। इसके बाद वे भारत में मेडिकल प्रैक्टिस करने की दिशा में अगली प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
17 जनवरी को हुई थी परीक्षा
परीक्षा का आयोजन 17 जनवरी 2026 को किया गया था। यह परीक्षा उन मेडिकल ग्रेजुएट्स के लिए होती है, जिन्होंने भारत से बाहर के मेडिकल कॉलेजों से अपनी पढ़ाई पूरी की होती है और भारत में डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करना चाहते हैं।
आगे क्या?
परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को अब एनबीईएमएस और संबंधित मेडिकल काउंसिल की ओर से आगे की प्रक्रिया, जैसे प्रमाण पत्र जारी होने और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी का इंतजार करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

