वृंदावन में 8 फरवरी को होगा हिंदू सम्मेलन:देश भर के साधु संत और धमार्चार्य जुटेंगे

मथुरा। मथुरा के वृंदावन में 8 फरवरी को होने जा रहे हिंदू सम्मेलन के लिए समग्र हिंदू चेतना समिति ने तैयारी शुरू कर दी है। इस सम्मेलन की तैयारियों को पूरा करने के लिए शनिवार को वृंदावन में कार्यालय खोला गया। जिसका उद्घाटन साधु संत और राष्ट्रीय स्वयं सेवक के प्रांत प्रचारक ने किया।
कार्यालय के उद्घाटन में शामिल होने पहुंचे सिंहपौर हनुमान के महंत सुंदर दास महाराज,चार संप्रदाय आश्रम के महंत ब्रज बिहारी दास और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने संयुक्त रूप से भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया और पूजन किया। इस दौरान वहां मौजूद सभी लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
हिंदू समाज को जागृत करने और उनको एक करने के उद्देश्य से वृंदावन के बड़े बगीचा में 8 फरवरी को समग्र हिंदू चेतना समिति द्वारा हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में वृंदावन नगर के समस्त हिंदू परिवारों के कम से कम एक व्यक्ति को आने का आह्वान किया गया है। इस सम्मेलन में 3 हजार से ज्यादा लोगों के रहने की संभावना है।
8 फरवरी को होने वाले हिंदू सम्मेलन में अतिथि के रूप में संत रितेश्वर महाराज,आरएसएस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अलावा नॉर्थ ईस्ट के एक प्रसिद्ध गायक को आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति के सदस्य एडवोकेट संजय शर्मा ने बताया कि हिंदू समाज एक हो,उनमें जागृति आए इसके लिए यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर विजय राघव,नृत्य गोपाल,गिर्राज शर्मा,पूजा चौधरी, वैभव अग्रवाल,कैलाश अग्रवाल,शशि शुक्ला,कुश अवतार,प्रेम शंकर वैध,अरुण,के सी पंकज, डॉ संजय आदि मौजूद रहे।



