‘न्यूजीलैंड ने जितने रन बनाए, उससे ज्यादा मैंने सेल्फी दीं’, कीवियों पर शशि थरूर का मजेदार तंज

नागपुर । भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज नागपुर में हुआ। बुधवार को खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 48 रनों से हराया। मैच जितना रोमांचक था, उससे ज्यादा चर्चा कांग्रेस सांसद शशि थरूर के ट्वीट ने बटोरी। उनका मजेदार अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मैच देखने नागपुर पहुंचे शशि थरूर ने स्टेडियम का माहौल खुलकर एन्जॉय किया और इसके बाद उन्होंने एक मजेदार ट्वीट किया। थरूर ने लिखा, ‘नागपुर दौरे को स्टेडियम में बैठकर भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी20 मैच देखकर खत्म किया। मैं किसी एयर-कंडीशन्ड बॉक्स में नहीं बैठा, जो 45,000 दर्शकों के जोश और शोर से बिल्कुल अलग हो। न्यूजीलैंड ने जितने रन बनाए, उससे ज्यादा मुझे सेल्फी देनी पड़ीं, लेकिन मैच और जीत का पूरा मजा आया।’ उनके इस ट्वीट पर फैंस ने जमकर रिएक्ट किया और कुछ ही घंटों में यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
नागपुर में खेले गए पहले टी20 में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बावजूद पहले बैटिंग करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया और 35 गेंदों में 84 रन ठोक दिए। उनकी पारी में आठ छक्के और पांच चौके शामिल थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए। टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 238 रन का स्कोर बनाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 190 रन ही बना सकी। भारत की जीत 48 रनों से दर्ज हुई। न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने मजबूत नहीं दिखी और रन रेट लगातार दबाव में रहा। विस्फोटक पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा को प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। यह पारी उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में गिनी गई।




