मथुरा

भूतेश्वर अंडरपास पर जलभराव से मिलेगी निजात:मथुरा में अंडरग्राउंड पाइपलाइन का काम शुरू

मथुरा। मथुरा के भूतेश्वर अंडरपास पर जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलेगी। नगर निगम मथुरा ने भूतेश्वर से मसानी चौराहे तक अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश ने भूतेश्वर क्षेत्र में इस परियोजना का उद्घाटन किया।
महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि भूतेश्वर अंडरपास समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बारिश में जलभराव से लोगों को परेशानी होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह पाइपलाइन परियोजना शुरू की गई है। कार्य पूरा होने पर बारिश का पानी पाइपलाइन से बाहर निकलेगा, जिससे अंडरपास और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव नहीं होगा।
नगर निगम के महाप्रबंधक (जल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा ने बताया कि मथुरा में तीन प्रमुख स्थान हैं जहां हर साल बारिश में गंभीर जलभराव होता है। इनमें भूतेश्वर अंडरपास, नया बस अड्डा अंडरपास और पुराना बस अड्डा अंडरपास शामिल हैं। इन जगहों पर पानी भरने से यातायात बाधित होता है और नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है।
भूतेश्वर से मसानी चौराहे तक बिछाई जा रही इस अंडरग्राउंड पाइपलाइन की कुल लंबाई लगभग 1800 मीटर है। इस परियोजना पर करीब 6 करोड़ रुपये की लागत आएगी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा कि मथुरा शहर को जलभराव मुक्त बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से भूतेश्वर अंडरपास की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और शहरवासियों को बरसात के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button