आगरा

फ्रेंच कपल ने हिंदू रीति से रचाई शादी, बोले- दुनिया में सबसे पवित्र भारतीय शादी

आगरा । मोहब्बत की नगरी आगरा में विदेशी जोड़े ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। अग्नि को साक्षी मानकर इस विदेशी जोड़े ने सात फेरे लिए। फ्रांस का यह जोड़ा 40 साल से लिव इन में रह रहा था।
कपल ने कहा- उन्हें भारत की परंपराएं काफी पसंद आईं और वे हिंदू रीति-रिवाजों को मानते हैं, इसी वजह से उन्होंने भारत आकर शादी करने का फैसला किया।
फ्रांस के बोर्डो शहर से आए 74 वर्षीय फिलिप और 68 वर्षीय सिल्विया बीते करीब 25 दिनों से भारत भ्रमण पर थे। ताजमहल के दीदार के बाद भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक संस्कारों ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने अपने जीवन को वैवाहिक बंधन में बांधने का निर्णय भारत में ही लिया।
इसके बाद उन्होंने आगरा के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे ले लिए। इस अनोखे विवाह का आयोजन स्थानीय टूर आॅपरेटर पंकज शर्मा की संस्था आमंत्रण वोयाजेस के माध्यम से कराया गया।
आगरा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हिंदू विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। दूल्हा-दुल्हन पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आए और पूरे समारोह के दौरान भारतीय संस्कृति में रंगे दिखाई दिए।
विदेशी जोड़े ने बताया- वे बीते 40 वर्षों से साथ रह रहे थे, लेकिन भारतीय विवाह परंपरा को उन्होंने सबसे पवित्र और आध्यात्मिक अनुभव बताया। उनका कहना था कि भारत भ्रमण के दौरान मिली सांस्कृतिक समझ ने उनके जीवन की सोच बदल दी।
मंदिर में पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच यह विवाह सम्पन्न हुआ। भारतीय विवाह की परंपराएं, अग्नि को साक्षी मानने की भावना और सात फेरों का अर्थ समझते हुए विदेशी जोड़ा बेहद प्रभावित नजर आया। फिलिप और सिल्विया ने कहा कि भारतीय विवाह उन्हें दुनिया का सबसे पवित्र और आत्मिक जुड़ाव वाला संस्कार लगा।
दोनों पिछले 25 दिनों से भारत की यात्रा पर थे। इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक वातावरण को नजदीक से महसूस किया। ताजमहल की प्रेम कहानी, मंदिरों की शांति और लोगों की आत्मीयता ने उनके दिल पर गहरी छाप छोड़ी, जिसके बाद उन्होंने सनातन परंपरा से विवाह का फैसला किया।
यह अनोखी शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की उस ताकत की मिसाल है जो सीमाओं और उम्र से परे जाकर लोगों के दिलों को जोड़ती है। शादी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे और इस अनोखे विवाह के साक्षी बने। ताजमहल की नगरी में रची गई यह नई प्रेम कहानी अब शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button