आगरा

ताजमहल में मुख्य मकबरे पर चढ़ाई गई 1720 मीटर चादर:हिंदूवादी नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया

आगरा। आगरा में ताजमहल में 3 दिवसीय उर्स चल रहा है। ताजमहल के मुख्य मकबरे पर 1720 मीटर चादर चढ़ाई गई है। जिसका हिंदूवादी संगठनों की ओर से विरोध किया गया है। इसी बीच हिंदूवादी नेता मीरा राठौर द्वारा तेजो महालय पर 21 मीटर लंबा भगवा ध्वज चढ़ाने के ऐलान के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। देर रात से ही उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े।
मीरा राठौर ने घोषणा की थी कि वह दोपहर 12:30 बजे अपने निवास से तेजो महालय के लिए रवाना होंगी। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए उन्हें घर में ही रोक लिया।
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि ताजमहल क्षेत्र में उर्स के चलते पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है। ऐसे में किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन, जुलूस या प्रतीकात्मक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जा सकती। प्रशासन का साफ कहना है कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button