रेलवे ट्रैक के नीचे झाड़ियों में लगी भीषण आग

आगरा। आगरा में हरीपर्वत के पास स्थित रेलवे पुल के नीचे ट्रैक के पास झाड़ियों में भीषण आग लग गई। लगभग एक घंटे तक आग धधकती रही। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। इस बीच कुछ देर के लिए एमजी रोड पर ट्रैफिक बाधित हुआ। गनीमत रही कि इस दौरान कोई ट्रेन यहां से नहीं गुजरी।
एमजी रोड पर रेलवे पुल के नीचे शुक्रवार दोपहर ट्रैक के किनारे सूखी झाड़ियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। रेलवे लाइन के पास आग होने के कारण ट्रेन संचालन पर खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला।
गनीमत रही कि इस दौरान कोई मालगाड़ी या यात्री ट्रेन वहां से नहीं गुजर रही थी। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया। हवा के प्रभाव से आग फैली और लपटें पुल की ऊंचाई तक पहुंचने लगीं। पुल के ऊपर से गुजर रहे वाहन चालक आग देखकर सहम गए, जिससे कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।
हादसे की आशंका को देखते हुए रेलवे कंट्रोल रूम को तुरंत सूचित किया गया। रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस ने ट्रैक पर सुरक्षा घेरा बनाया और दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि किसी राहगीर द्वारा जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकने से झाड़ियों ने आग पकड़ी होगी। थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम सीसीटीवी कैमरों की मदद से छानबीन कर रही हैं।




