गोदाम में गोमांस हैं, सूचना पर तस्करों ने आग लगाई:पुलिस को लोडर भरकर मांस मिला

मथुरा । मथुरा में बड़ी घटना घट गई। शहर की पॉश कॉलोनी में बने एक गोदाम में भारी मात्रा में गो-मांस मिलने की सूचना पुलिस को मिली। गो-तस्करों को जैसे ही पुलिस के आने की भनक लगी, वैसे ही तस्करों ने गोदाम में आग लगा दी। खुद भी परिवार सहित वहां से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग बुझने पर पुलिस ने गोदाम में छापा मारा। जहां गोदाम के अंदर लोडर भरकर मांस और खाल मिली है।
गो-मांस मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकतार्ओं ने हंगामा किया। कार्यकतार्ओं ने कहा- हमारे कान्हा की जन्मभूमि पर गो-हत्या नहीं होने देंगे। थाना हाईवे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मांस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल को अलर्ट किया गया।
एसपी सिटी राजीव कुमार और सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान सहित तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मामला थाना हाईवे क्षेत्र की मुकुंद विहार कॉलोनी है।
इसी बीच, हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि जब पुलिस मांस की तलाशी के लिए कॉलोनी में सर्च आॅपरेशन चला रही थी, तब एक विशेष समुदाय के कुछ लोगों ने अपने ही कबाड़ के गोदामों में आग लगा दी। बताया गया कि यह आगजनी तीन अलग-अलग स्थानों पर की गई। हिंदू संगठनों का कहना है कि आग प्रशासन का ध्यान भटकाने और कथित साक्ष्यों को नष्ट करने के उद्देश्य से लगाई गई थी।
आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने आगजनी की घटना को गंभीरता से लेते हुए उसकी भी जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि संदिग्ध मांस को जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगजनी की घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है, लेकिन एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार ने बताया- थाना हाईवे में चौकी सतौहा में गिरधरपुर वार्ड की अजय नगर कॉलोनी में संदिग्ध मांस मिलने की सूचना मिली। जिसमें पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध मांस को जब्त कर लैब टेस्टिंग के लिए वेटेनरी कॉलेज भेजे जाने व तीन लोगों को पूछताछ हेतु हिरासत में लिया गया।




