राजनीतिक

नारायण राणे ने राजनीति से संन्यास की अटकलों को किया खारिज, कहा- मेरे बयान को गलत समझा गया

मुंबई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने अपने राजनीतिक संन्यास की अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक जनसभा में दी गई उनकी टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला गया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने सक्रिय राजनीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उन्होंने कभी संन्यास की बात नहीं कही।
सोमवार को मीडिया से बातचीत में राणे ने बताया कि उन्होंने केवल यह कहा था कि अगर वह जनता के लिए परिणाम देने में असमर्थ रहे तो वह अपने भविष्य पर सोचेंगे। गौरतलब है कि शनिवार को सिंधुदुर्ग में एक जनसभा के दौरान राणे ने अपने बेटों- विधायक नीलेश और मंत्री नितेश का जिक्र करते हुए कहा था कि ‘एक समय पर रुकना पड़ता है और शरीर की भी अपनी सीमाएं होती हैं।’ इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी कि अनुभवी नेता सार्वजनिक जीवन से विदा लेने की तैयारी कर रहे हैं।
राणे ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, “किसने कहा कि मैंने संन्यास के संकेत दिए? मैंने ऐसा कभी नहीं कहा। मेरे बयान को ध्यान से सुनें। अगर मेरा पद जनता के लिए उपयोगी नहीं है या मुझे उनके लिए काम करने की अनुमति नहीं मिलती तो मैं पूर्ण विराम लगाने पर विचार करूंगा।”
राणे अपने लंबे राजनीतिक करियर के दौरान शिवसेना, कांग्रेस और बीजेपी से जुड़े रहे हैं। अपने राजनीतिक सफर के बारे में बात करते हुए राणे ने कहा कि भाजपा में शामिल होते समय ही उन्होंने तय कर लिया था कि यह उनकी आखिरी पार्टी होगी। उन्होंने कहा, “दल बदलने का कोई प्रश्न ही नहीं है। मैं स्वाभिमान के साथ जीता हूं और मुझे पदों का लालच नहीं है।” उन्होंने यह भी बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से अनुरोध किया था कि उन्हें कोई सीट न दी जाए, क्योंकि वह अपने व्यवसाय पर ध्यान देना चाहते थे, लेकिन नड्डा ने उन्हें राजनीति न छोड़ने का आग्रह किया था।
राणे ने यह भी कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में कई बाधाएं और साजिशें आईं। बहुत से लोगों ने मेरा रास्ता रोकने की कोशिश की। अगर मैं बातें बताना चाहूं, तो यह मेरी आॅटोबायोग्राफी में हो सकता है। इस दौरान उन्होंने अपने बेटों पर चर्चा करते हुए उनके कामों की प्रशंसा की। उन्होंने उन्हें अच्छा काम करने और नाम कमाने की सलाह दी।

Related Articles

Back to top button