दवा पर कितना डिस्काउंट है… बताएगी पीजीआई की वेबसाइट
पीजीआई प्रशासन अब इमरजेंसी की दुकान पर डिस्काउंट के साथ बिकने वाली दवाओं के दाम अपनी वेबसाइट पर प्रदर्शित करेगा। साथ ही दुकान पर एक ही सॉल्ट के तीन से अधिक ब्रांड की दवाएं नहीं बेची जाएंगी। यह फैसला मरीजों को ठगी से बचाने के लिए लिया गया है। बता दें की 31 दिसंबर 2023 को पीजीआई की इमरजेंसी में संचालित निजी दवा की दुकान का टेंडर खत्म कर उसकी जगह अमृत फार्मेसी का आवंटन किया गया था। अब दवाओं के दाम में एकरूपता लाने के लिए पीजीआई प्रशासन ने डिस्काउंट के साथ दवाइयों के दाम अपनी वेबसाइट पर जारी करने का निर्णय लिया है। पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने बताया कि कोई भी सरकारी या निजी अस्पताल दवाओं की कीमत को प्रदर्शित नहीं करता लेकिन पीजीआई ने मरीजों के हित को देखते हुए यह फैसला लिया है। वेबसाइट पर दवाओं के साथ प्रत्यारोपण से जुड़ी चीजों का भी दाम भी प्रतिशत किए जाएंगे। गौरतलब है कि संस्थान में अमृत फार्मेसी की सात दुकाने हैं। ऐसे में डिस्काउंट के साथ दवाओं की कीमत प्रदर्शित होने के बाद से कोई भी दवा संचालक कीमत से ज्यादा पैसे नहीं ले सकेगा। ठगी होने पर मरीज पीजीआई प्रशासन से सीधी शिकायत कर सकेंगे।




