मथुरा में सरार्फा कारोबारी की पेचकस से गोदकर हत्या:बेड पर खून देख चीखा किराएदार

मथुरा। मथुरा में सरार्फा कारोबारी की हत्या कर दी गई। उनकी खून से लथपथ लाश बेडरूम में मिली है। सिर में गहरा घाव है। आशंका है कि पेचकस से वार किया गया, जो सिर के आर-पार हो गया।
वारदात का पता उस वक्त चला, जब कारोबारी मंगलवार सुबह काफी देर तक नहीं उठे। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले किराएदार ने कमरा खोलकर देखा तो बेडरूम में शव पड़ा था। पूरे बेड पर खून फैला था। यह देखकर वह चीख पड़ा।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस को अलमारी और तिजोरी खुली मिली। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस को आशंका है कि घर में लूटपाट के बाद हत्या की गई।
शुरूआती जांच में कारोबारी के शरीर पर चोट के कुछ निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मामला थाना गोविंद नगर क्षेत्र का है। कारोबारी के रिश्तेदार का कहना है कि 100 किलो चांदी लूटी गई है।
कारोबारी सतीश चंद्र गर्ग के तीन बेटों की शादी हो चुकी है। सभी बेटे अपने-अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं। बड़ा बेटा मुकुल पुणे में, दूसरा बेटा मयंक नोएडा में और सबसे छोटा बेटा अभिषेक गुरुग्राम में नौकरी करता है। दो साल पहले पत्नी रजनी के निधन के बाद सतीश चंद्र घर में अकेले रह रहे थे।
तेलीपाड़ा की बंबई वाली बिल्डिंग में रहने वाले सरार्फा कारोबारी सतीश चंद्र गर्ग अपने तीन मंजिला मकान में रहते थे। ग्राउंड फ्लोर पर उनकी अपनी दुकान है। पीछे के हिस्से में एक किराएदार रहता है। दूसरी मंजिल पर भी एक अन्य परिवार किराए पर रहता है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक उनके कमरे में कोई हलचल नहीं हुई और दुकान भी नहीं खुली। इसके बाद नीचे रहने वाला किराएदार ऊपर कमरे में गया। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा खोला तो देखा कि सतीश चंद्र बेड पर पड़े हुए थे।
किराएदार ने फोन कर गोविंद नगर थाने की पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किराएदारों और पड़ोसियों से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।




