राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक:मोहन भागवत कर रहे अध्यक्षता

मथुरा । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार सुबह वृंदावन में स्थित केशव धाम पर शुरू हुई। सर संघ चालक मोहन भागवत की अध्यक्षता में शुरू हुई यह बैठक 7 जनवरी तक चलेगी। इसके बाद दो दिन की एक और महत्वपूर्ण बैठक होगी। जिसका समापन 9 जनवरी को होगा।
बैठक में शामिल होने के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत रविवार की सुबह ही वृंदावन पहुंच गए थे। सोमवार की सुबह बैठक के पहले सत्र का शुभारंभ संघ प्रमुख ने किया। इसके बाद सह सर कार्यवाह,संपर्क प्रमुख,प्रचार प्रमुख सहित मुख्य 50 पदाधिकारियों की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई।
केशव धाम में चल रही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मुद्दे क्या हैं इसको लेकर संघ की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई। लेकिन सूत्र बताते हैं कि इस बैठक में सामाजिक समरसता, मोहल्ले स्तर पर हिंदू सम्मेलन,राज्यों से पलायन रोकने और पड़ोसी देश में हो रही हिंसा को लेकर चर्चा की जा रही है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की यह बैठक बेहद गोपनीय रखी गई है। इस बैठक में फरर के चल रहे स्थापना के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों पर भी चर्चा की जा सकती है। इस बैठक में प्रतिदिन 3 सत्र होंगे जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
केशव धाम में चल रही बैठक में संघ प्रमुख के अलावा सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल जी, मुकंद जी,अरुण कुमार जी,रामदत्त चक्रधर,अतुल लिमए और आलोक कुमार के अलावा अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी,अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं।




