राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी करने वाले तीन पकडे़:चांदी का छत्र और घंटे चुराकर घर में ही गला दिए

आगरा । थाना न्यू आगरा पुलिस ने लॉयर्स कॉलोनी के राधा कृष्ण मंदिर में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की गई नकदी, चांदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 की रात तीनों ने योजना बनाकर लॉयर्स कॉलोनी में राधाकृष्ण मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
एसीपी हरीपर्वत अक्षय महादिक ने बताया कि 31 दिसंबर की रात को मंदिर में चोरी हुई थी। चोर मंदिर से दानपेटी, शिवलिंग पर चढ़ने वाला छत्र व घंटे चुराकर ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकडे़ गए हैदर पुत्र शमीम निवासी सिकंदरा, राजू उर्फ राजकुमार वर्मा पुत्र महेंद्र वर्मा निवासी मोती कटरा और अमन पुत्र स्व. विजेंद्र सिंह निवासी इंद्रा नगर नगला बूढ़ी हैं। एसीपी ने बताया कि आरोपी राजू और अमन ने मंदिर के बाहर खड़े होकर निगरानी की, जबकि हैदर ने पीछे की दीवार कूदकर मंदिर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी को तोड़ दिया गया और लगभग 600 रुपये की नकदी व शिवलिंग से जुड़े घंटे चोरी कर लिए।
चोरी के बाद आरोपियों ने उसी दिन शाम को चोरी किए गए घंटों को राजू ने गलवाकर पांच हिस्सों में बांट लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक हिस्सा लगभग 400 ग्राम का था, जिसे 70 हजार रुपए में एक सर्राफ को बेच दिया गया। शेष घंटे आपस में बांट लिए गए। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर सफेद धातु के चार घंटे बरामद किए हैं। आरोपियों ने मंदिर में चोरी करने से पहले रेकी की थी।



