भीषण सड़क हादसे में 2 की मौत:ग्वालियर हाईवे पर घने कोहरे में 5 ट्रक और 2 कारों में टक्कर

आगरा। आगरा में घने कोहरे के चलते सोमवार सुबह आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। कोहरे के कारण एक के बाद एक सात वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराने की कोशिश शुरू की। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। यह हादसा इरादतनगर थाना क्षेत्र में खारी नदी के पास हुआ बताया जा रहा है।
लोगों ने बताया कि नगला इमली के पास खारी नदी के पुल पर सुबह घना कोहरा था। करीब 7 बजे के आसपास अचानक लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनी। जाकर देखा तो एक के पीछे एक 7 वाहन टकरा गए थे। इसमें 5 ट्रक और 2 कार थीं। गाड़ियों में लोग बुरी तरह से फंस गए थे। आसपास के लोग मदद को पहुंचे। घायलों को बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए। हादसे में कार और कैंटर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से वाहनों को हटाया गया। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें इमरान पुत्र उस्मान निवासी किरावली और विष्णु पुत्र घनश्याम निवासी ककुआ हैं।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। वाहनों को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई। करीब डेढ़ घंटे बाद वाहन हटे। इसके चलते एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।


