राजनीतिक

शुभेंदु अधिकारी का दावा- बंगाल चुनाव के बाद विपक्ष में बैठेगी टीएमसी, एसआईआर पर भी दिया ये बयान

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को मालदा में एक जनसभा में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को विपक्ष में बैठना होगा। अधिकारी ने चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को इसका बड़ा संकेत बताया।
शुभेंदु अधिकारी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में टीएमसी और भाजपा के बीच वोटों का अंतर केवल 40 लाख था। वहीं, मतदाता सूची के प्रकाशित मसौदे में पहले ही 58 लाख नाम हटा दिए गए हैं। उनके अनुसार, यह बदलाव बताता है कि चुनाव के परिणाम क्या होने वाले हैं। बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव इस साल में होने हैं।
विपक्ष के नेता ने टीएमसी के उस प्रचार को झूठ बताया जिसमें कहा जा रहा है कि भाजपा सरकार आने पर महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता (लक्खी भंडार) बंद कर दी जाएगी। अधिकारी ने वादा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो लोगों के लिए और भी बेहतर कल्याणकारी योजनाएं लाई जाएंगी।
आवास योजना और मनरेगा (रोजगार गारंटी) के लिए केंद्र से धन न मिलने के टीएमसी के आरोपों को खारिज करते हुए अधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं का पैसा अपात्र लोगों ने हड़प लिया था। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा सरकार बनने पर हर लाभार्थी को घर बनाने के लिए तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा ममता सरकार के 1.20 लाख रुपये घर बनाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
अधिकारी ने कहा कि भाजपा बंगाल में गुजरात जैसे उद्योग और उत्तर प्रदेश व बिहार जैसा सुशासन लाना चाहती है। उन्होंने टीएमसी पर तुष्टिकरण और बांटने वाली राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने बताया कि टीएमसी के विरोध के बावजूद वक्फ संशोधन कानून लागू हो चुका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मकर संक्रांति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मालदा आने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button