चांदी की कीमतें बढ़कर 205934 प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर

नई दिल्ली । चांदी की कीमतों पर उछाल का दौर जारी है। वायदा कारोबार में बुधवार को चांदी की कीमतें बढ़कर 2,05,934 रुपये प्रति किलोग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गईं। वैश्विक स्तर पर सफेद धातु की कीमतों में तेजी, आपूर्ति में कमी के संकेतों और अगले साल फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों ने चांदी की कीमतों को समर्थन दिया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर, मार्च अनुबंध के लिए चांदी के वायदा भाव में 8,179 रुपये या 4.14 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार को चांदी का भाव 1,97,755 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। इसी तरह, मई 2026 के अनुबंध में 8,148 रुपये या 4.06 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 2,08,796 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
इसके अतिरिक्त, फरवरी डिलीवरी के लिए सोने के वायदा भाव में 169 रुपये या 0.13 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1,34,578 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि पिछले दिन यह 1,34,409 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। कीमती धातु के लिए अप्रैल 2026 के अनुबंध में 273 रुपये या 0.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे इसकी कीमत 10 ग्राम के लिए 1,37,683 रुपये हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमतों में मामूली उछाल देखने को मिल रहा है। कॉमेक्स बाजार में, पीले धातु के वायदा भाव में 21.1 अमेरिकी डॉलर या 0.49 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 4,353.4 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
वैश्विक व्यापार में चांदी ने सोने को पीछे छोड़ दिया, कॉमेक्स वायदा भाव पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया। मार्च अनुबंध में 2.95 डॉलर या 4.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 66.27 डॉलर प्रति औंस के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के कीमती धातु अनुसंधान विश्लेषक मानव मोदी ने कहा कि अमेरिकी रोजगार रिपोर्ट में नवंबर में बेरोजगारी दर में वृद्धि दिखाए जाने के बाद सोने की कीमतों में उछाल आया, जिससे अगले साल अमेरिकी ब्याज दरों में और कटौती की उम्मीदें बढ़ गईं, जबकि डॉलर और यील्ड पर दबाव पड़ा। उन्होंने कहा कि चांदी का बैकवर्डेशन एक बार फिर बढ़ रहा है, जो बाजार में आपूर्ति की कमी का संकेत दे रहा है, जिससे सुबह के शुरूआती सत्र में कीमतें 66 अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गईं।
इस बीच, अमेरिकी वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि केविन वॉर्श और केविन हैसेट दोनों फेडरल रिजर्व का नेतृत्व करने के लिए योग्य हैं, और उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप द्वारा इस पद के लिए चुने गए किसी भी उम्मीदवार को “खुले दिमाग” वाला होना चाहिए।
निवेशक इस सप्ताह के अंत में जारी होने वाले अमेरिका के प्रमुख मुद्रास्फीति आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जिनमें उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) शामिल हैं। मोदी ने कहा कि इन आंकड़ों से फेड की मौद्रिक नीति के दृष्टिकोण और निकट भविष्य में सोने की कीमतों की दिशा के बारे में नए संकेत मिलेंगे।



