नगर निगम वर्कशॉप से नहीं निकले वाहन:मेयर के भतीजे के खिलाफ कर्मचारियों में गुस्सा

आगरा। आगरा मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह के भतीजे हर्ष दिवाकर के खिलाफ कर्मचारियों का रोष थम नहीं रहा। कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने बुधवार सुबह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित नगर निगम की वर्कशॉप से वाहन नहीं निकलने दिए। दोपहर को अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार की अध्यक्षता में कर्मचारियों की बैठक होगी, जिसमें कर्मचारियों के काम पर लौटने के आसार हैं।
मेयर के भतीजे के खिलाफ कर्मचारियों ने बुधवार सुबह वर्कशॉप से वाहन नहीं निकलने दिया। कर्मचारियों ने आंदोलन में शामिल होते हुए वाहन नहीं निकलने दिए। कर्मचारी नेता विनोद इलाहाबादी का कहना है-दोपहर में अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें आगे की रणनीति तय हो गई।
मंगलवार को कर्मचारियों ने नगर निगम में तालाबंदी करते हुए कामकाज ठप कर दिया था। इधर, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की। इसके बावजूद कर्मचारियों ने बुधवार को वर्कशॉप में काम नहीं होने दिया।
बता दें कि रविवार एक कार्यक्रम के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के साथ मेयर के भतीजे हर्ष दिवाकर पर मारपीट का आरोप है। उनके साथ अभद्रता की। इसको लेकर नगर निगम के कर्मचारियों में आक्रोश है। वे हर्ष दिवाकर पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने नगर निगम में तालाबंदी कर कामकाज ठप कर दिया था।
इधर, मेयर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की थी। वे किसी के बहकावे में न आएं। नगर निगम की व्यवस्था को सुचारु रूप से चलने दें और काम पर लौट आएं।
सोशल मीडिया पर उन्होंने मैसेज भेजकर कहा है-मुझे जानकारी हुई है कि सहायक नगर आयुक्त द्वारा पुलिस में तहरीर दी गई है। पुलिस अपनी जांच करके कार्य कर रही है। निगम के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के साथ गलत व्यवहार का मैं समर्थन नहीं करती हूं।
मुझे यह भी जानकारी हुई है कि कई भ्रष्टाचारी अपने किए हुए पापों को छिपाने के लिए षड़यंत्र रचकर नगर निगम की व्यवस्था को ठप करने में लगे हुए हैं। लेकिन मैंने भी ठान लिया है कि अपने कार्यकाल में किसी को भी जनता के पैसे का गलत उपयोग नहीं करने दूंगी। बस इसके लिए मुझे आगरा की जनता जनार्दन और निगमकर्मियों के साथ की जरूरत है।




