कार ने युवक को 200 मीटर तक घसीटा:मौके पर मौत

आगरा । आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में रविवार दोपहर शाहदरा फ्लाईओवर पर एक कार की बाइक सवार जूता कारीगर को टक्कर लग गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सहित सवार कार में फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक रुकने के बजाय कार को दौड़ाने लगा।
इस पर युवक भी करीब 200 मीटर तक कार के साथ घिसटता हुआ चला गया। यह देखकर आसपास के निकल रहे लोग चीखने लगे। उन्होंने शोर मचा दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन शाहदरा पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया।
आरोप है कि हादसे के बाद पकड़े गए आरोपी को छोड़ दिया। बाई का बाजार, सिकंदरा निवासी प्रेम कुमार (21) जूता फैक्ट्री में कारीगर था। रविवार सुबह वह दोस्तों के साथ फिरोजाबाद घूमने गया था। दोपहर करीब तीन बजे लौटते समय एत्मादपुर की ओर से तेजी से आ रही कार ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एक संदिग्ध कार को पकड़ लिया गया। वह पंक्चर खड़ी हुई थी। लोगों ने इसी कार से हादसे की आशंका जाहिर की। इस पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को देखा। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि हादसा करने वाली कार का पता नहीं चला है। इस पर संदेह के घेरे में आई कार को छोड़ दिया गया।
सिकंदरा चौराहे पर अकबर के मकबरे के गेट के सामने रविवार रात को बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि युवक के सामने गलत दिशा से एक बाइक आ गई। इसे बचाने के दौरान वह बस की चपेट में आ गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, गैलाना सिकंदरा निवासी संजीव (46) रविवार रात को स्कूटी से रुनकता के चौराहे से आगे अकबर के मकबरे के गेट के सामने गलत दिशा से तेज रफ्तार एक बाइक उनकी स्कूटी के सामने आ गई। इससे संजीव का संतुलन बिगड़ गया।
उन्होंने खुद को बचाने का प्रयास किया। तभी पीछे से आती बस के चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद जाम लग गया। लोगों का कहना था कि चौराहे पर लोग गलत दिशा से निकलते हैं। इस वजह से कभी हादसे की आशंका बनी रहती है। उधर, घटना की जानकारी पर परिजन आ गए। उनमें कोहराम मच गया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।




