राजनीतिक

यूपी में पदयात्रा निकालेगी आप: सरयू से संगम तक की यात्रा में होगा रोजगार और सामाजिक न्याय पर संवाद

लखनऊ । आम आदमी पार्टी ने 12 नवंबर से 24 नवंबर तक सरयू से संगम तक 180 किलोमीटर की पदयात्रा का एलान किया है। इस पदयात्रा का नाम ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ रखा गया है। इसका नेतृत्व राज्यसभा सांसद संजय सिंह करेंगे। इस यात्रा को लेकर सांसद संजय सिंह ने कहा है कि यह यात्रा राजनीतिक रस्म नहीं, जनता के अधिकारों की लड़ाई है।
180 किलोमीटर की यह यात्रा अयोध्या की सरयू से शुरू होकर प्रयागराज के संगम तक जाएगी। रास्ते में गांव, कस्बे, शहर, मोहल्ले- हर जगह जनता से संवाद होगा। यात्रा में युवाओं, किसानों, शिक्षकों, समाजसेवियों और हर वर्ग के लोग शामिल होंगे। इस पदयात्रा का थीम सॉन्ग ‘मैं देश बचाने निकला हूं’ पहले ही जारी हो चुका है। मशहूर गायक अल्तमश फरीदी ने इसे आवाज दी है। बिलाल भाई ने इसे लिखा है।
यात्रा निकाल रही आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार ने रोजगार के नाम पर बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज उत्तर प्रदेश बेरोजगारों की सबसे बड़ी राजधानी बन गया है। सरकारी भर्तियां रुकी हैं, परीक्षाएं लटकी हैं, और पेपर लीक ने लाखों युवाओं का भविष्य छीन लिया है। किसान अपनी उपज का दाम पाने के लिए संघर्ष कर रहा है, गन्ना किसानों का भुगतान महीनों लटका रहता है, और छोटे उद्योग बंद होने से मजदूरों का चूल्हा ठंडा पड़ जाता है। सरकार के पास विज्ञापनों के लिए हजारों करोड़ हैं, लेकिन रोजगार और किसानों के लिए जवाब नहीं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button