आगरा

सर्टिफिकेट अपडेट करने के नाम पर ठगी: बुजुर्ग को फेसबुक पर भेजा गया था लिंक

आगरा। आगरा में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया। सिकंदरा क्षेत्र निवासी नरेन्द्र मोहन अग्रवाल को फेसबुक पर जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने के नाम पर फर्जी लिंक भेजा गया, जिसके जरिए उनके बैंक खाते से दो लाख रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित ने थाना सिकंदरा में एफआईआर दर्ज कराई है।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के सेक्टर-9, आवास विकास कॉलोनी निवासी नरेन्द्र मोहन अग्रवाल पुत्र ब्रज किशन अग्रवाल ने थाना सिकंदरा में तहरीर दी है कि 28 अक्टूबर को दोपहर लगभग 1 बजे उन्हें फेसबुक पर जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने का लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर उनकी जानकारी मांगी।
पीड़ित ने बताया कि 29 अक्टूबर को शाम 4:42 बजे उनके खाते से 2 लाख रुपए की राशि बैंक सिकंदरा शाखा के खाते से निकाल ली गई। इसके बाद जब उन्होंने अपने बैंक से संपर्क किया, तब उन्हें ठगी का पता चला।
पीड़ित ने थाना सिकंदरा में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों का पता लगाने के लिए साइबर सेल को जांच में लगाया गया है।
फ्रॉड से कैसे बचें
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
बैंक, पुलिस या सरकारी एजेंसी कभी फोन पर डळढ या खाता विवरण नहीं मांगती
सोशल मीडिया पर प्राप्त लिंक या कॉल की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट से करें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Related Articles

Back to top button