आगरा

दीपावली गिफ्ट के नाम पर महिला से 30 लाख ठगे:महंगे गिफ्ट भेजने के जाल में फंसाया

आगरा । आगरा में इंस्टाग्राम पर फ्रेंडशिप कर महिला को महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर ठगो ने अपने जाल में फंसाया। महिला की बातचीत होने लगी। फ्रेंडशिप करने वाले ने खुद को डॉक्टर बताया। गिफ्ट के बहाने महिला को सीबीआई अधिकरी बनकर जेल भेजने की धमकी देकर 30 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
जीवनी मंडी निवासी मेघा गुप्ता ने बताया कि दीपावली से पहले 17 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। व्यक्ति ने खुद को डॉक्टर बताया। उन्होंने फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली।
इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बात होने लगी। इसी बीच युवक ने फोन कर दीपावली गिफ्ट भेजने आने की बात कही। आरोपी ने गिफ्ट में 25 तोला सोना, एक आई फोन, दो लेडीज सूट, एक पर्स और 2500 पाउंड का पार्सल बनाया। महिला का विश्वास जीतने के लिए वीडियो कॉल करके पार्सल भी दिखाया।
इसके बाद दूसरे ही दिन एक अंजान नंबर से महिला के मोबाइल पर व्हाट्सएप पर मैसेज आया। उसमें लिखा था कि डॉ. खान नामक व्यक्ति का पार्सल कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है। उसे तुम्हें आकर छुड़ाना पड़ेगा। यदि नहीं छुडाया तो आयकर विभाग, कस्टम विभाग, पुलिस विभाग और सीबीआई का छापा डाला जाएगा। आपके पति को उठाकर ले जाएंगे। इससे आपकी बदनामी होगी।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद उनसे रुपए की मांग की जाने लगी। उसे अलग-अलग व्यक्तियों के खाते के नंबर दिए गए। पकड़े जाने और समाज में बदनामी के डर से पीड़िता ने अपना सारा जेवर बेचकर रुपए एकत्रित किए। अपने परिचितों से भी रुपए उधार लिए। पेटीएम से भी रुपए ट्रांसफर किए। करीब 30 लाख रुपए ठगों ने उनसे ले लिए। डर के कारण उन्होंने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया। बाद में ठगी की जानकारी होने पर पुलिस में शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button