महिला वर्ल्ड कप की जीत पर दीप्ति के घर जश्न:आगरा में जमकर हुई आतिशबाजी, लोग बोले- गर्व है कि हम दीप्ति की कॉलोनी में रहते हैं

आगरा। महिला क्रिकेट टीम के वर्ल्ड कप जीतने के बाद आगरा शहर में जश्न का माहौल है। शहरवासियों ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं। भारत माता की जय के नारे लगे और शहर में खुशी का माहौल बना हुआ है। अटल चौक पर विश्व विजेता दीप्ति शर्मा के पोस्टर लगाए गए और लोगों को मिठाइयां बांटी गईं। दीप्ति की इस उपलब्धि पर पूरे शहर को गर्व है।
भारतीय महिला टीम ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप जीत लिया है। टीम 52 साल पुराने इस टूनार्मेंट में पहली बार चैंपियन बनी। रविवार को मुंबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत की लड़कियों ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया। इस जीत की सूत्रधार रहीं आगरा की दीप्ति शर्मा।
पूरे वर्ल्ड कप में दीप्ति का जादू खूब चला। बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, ताजनगरी की दीप्ति ने अपने आलराउंडर प्रदर्शन से भारत को हर मुश्किल हालात से निकाला और उसके सिर पर वनडे वर्ल्ड कप का ताज सजा दिया। जैसे दीप्ति ने दक्षिण का आखिरी विकेट लिया, पूरा देश जश्न में डूब गया।
पूरे देश में लोगों ने सड़कों पर तिरंगे के साथ जुलूस निकालकर जश्न मनाया। लखनऊ में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। ‘भारत की माता की जय’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी का जोश हाई दिखा। आगरा में दीप्ति के घर पर सभी पूरे मैच के दौरान टीवी पर टकटकी लगाए बैठे रहे। जीत के बाद दीप्ति की मां भावुक हो गईं।
उन्होंने कहा- टीम इंडिया की सभी बेटियों ने मेरा सम्मान रखा है। मैंने और मेरी बेटी ने भगवान की जितनी भी सेवा की, आज वो सफल हो गई। मेरी तपस्या पूरी हुई। पिता भी खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। उन्होंने कहा- दीप्ति पर गर्व है। उसने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। सभी ने अच्छा खेला।
भाई प्रशांत और बहन प्रगति ने कहा- इंडियन विमेंस वर्ल्ड कप का अब सूखा खत्म हो गया है। अब आगे भारत की बेटियां और वर्ल्ड कप लेकर आएंगी। हमारी बहन ने हमारा ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सपना पूरा किया है। आज हमें उस पर गर्व है। आज अपनी बहन के लिए शब्द नहीं है।



