मथुरा-लक्ष्मी नगर में परिक्रमा मार्ग,नाले के निर्माण की मांग

मथुरा। मथुरा नगर निगम के वार्ड नंबर 45 लक्ष्मी नगर क्षेत्र के निवासियों ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन कार्यालय को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने परिक्रमा मार्ग और नाले के पक्के निर्माण की मांग की। क्षेत्रवासियों के अनुसार, जलभराव और गड्ढों के कारण श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों ने बताया कि डूडा फ्लैट से अक्रूर मार्ग तक कच्चा परिक्रमा मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में है। यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मार्ग की दुर्दशा से न केवल क्षेत्र की छवि खराब हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
इसके साथ ही, वार्ड 45 लक्ष्मी नगर परिक्रमा मार्ग में बने नाले को यमुना तक पूरा पक्का बनाने की भी मांग की गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अधूरा नाला होने के कारण गंदा पानी मार्ग और आसपास के खेतों में भर जाता है, जिससे किसानों की फसलें खराब हो रही हैं और गंदगी फैल रही है।
लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जनहित और धार्मिक महत्व को देखते हुए इन दोनों मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि निगम प्रशासन शीघ्र कदम उठाकर समस्या का स्थायी समाधान करेगा।




