मथुरा

भाजपा जिलाध्यक्ष के घर फायरिंग का एक और आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने मुठभेड़ में बदमाश को पकड़ा

मथुरा । मथुरा पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष के घर पर फायरिंग के मामले में वांछित बदमाश को रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, एसओजी टीम मथुरा और थाना छाता पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। अकबरपुर थीम पार्क के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें शातिर बदमाश विष्णु पुत्र प्रकाश, निवासी सुनरख, थाना जैत, उम्र लगभग 25 वर्ष, घायल हो गया।
गिरफ्तार बदमाश विष्णु लोकेश गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। उसने हाल ही में भाजपा जिलाध्यक्ष के घर पर फायरिंग की थी। इसके अलावा, वह थाना छाता पर दर्ज मुकदमा संख्या 488/25 सहित कई अन्य मामलों में भी वांछित था। पुलिस ने मौके से एक चोरी की हीरो होंडा स्पलेंडर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट), एक अवैध तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। विष्णु लंबे समय से फरार था और लोकेश गैंग के साथ मिलकर कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से इलाके में अपराध नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी।
पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके अन्य साथियों की तलाश तेज कर दी है। इस मुठभेड़ को मथुरा पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button