मथुरा में नगर निगम ने खाली कराई 10करोड़ की जमीन:सरकारी भूमि से भूमाफियाओं का कब्जा हटाया

मथुरा। मथुरा में नगर आयुक्त जग प्रवेश के निर्देशन पर नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भूमाफियाओं के कब्जे से करीब 3 बीघा कीमती जमीन को मुक्त कराया। इस जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जिले में जमीनों की कीमतें बढ़ने के बाद भूमाफिया पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं और सरकारी भूमि पर कब्जा जमाकर प्लॉटिंग का खेल शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में जमुनापार क्षेत्र के सोनी शहजादपुर टप्पा इलाके में श्रीजी कुंज और आनंदपुरम कॉलोनी के पास नगर निगम की जमीन पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया था। कब्जे वाले हिस्से में खेती की जा रही थी ताकि धीरे-धीरे प्लॉटिंग की जा सके।
स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत मथुरा-वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा से की। विधायक ने तत्काल नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने संज्ञान लेते हुए अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह को टीम के साथ मौके पर भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया और निगम की जमीन पर दोबारा बोर्ड लगवा दिए।
जानकारी के अनुसार, कब्जाधारियों ने पहले नगर निगम के लगाए गए बोर्ड उखाड़ फेंके थे, जिससे उनके इरादों का अंदाजा लगाया जा सकता है। निगम की सख्त कार्रवाई से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में खौफ का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त की तत्परता की सराहना की है।