मथुरा

हेमामालिनी ने बाढ़ पीड़ितों के साथ भजन गाया, मथुरा डीएम-एडीएम ने ताली बजाई

मथुरा । मथुरा सांसद हेमामालिनी बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचीं और हालचाल जाना। बाढ़ पीड़ित महिलाओं के साथ भजन गाया। इस दौरान डीएम चंद्रप्रकाश, एडीएम पंकज कुमार समेत अन्य अधिकारी तालियां बजाते नजर आए। भजन गाने के बाद हेमामालिनी ने महिलाओं से बातचीत कर उनका दर्द जाना।
एक महिला ने हेमा मालिनी से कहा- बाढ़ में सबकुछ डूब गया है। शेल्टर होम में रहकर दिन गुजार रहे हैं। समय काटने के लिए हम लोग भजन गा लेते हैं। आपके आने से कुछ देर के लिए हम सब अपना दर्द भूल गए।
हेमा मालिनी गुरुवार को लक्ष्मीनगर के सुभाष इंटर कॉलेज में बनाए गए शेल्टर होम पहुंची थीं। वहां बाढ़ पीड़ित महिलाएं उठा लो बनवारी भजन गा रही थीं। उन्हें देखकर सांसद भी भजन गाने लगीं।
इससे पहले, बुधवार को हेमा मालिनी ने चार शेल्टर होम का जायजा लिया। सबसे पहले राजपुर के गुरुकुल में बने शेल्टर होम पहुंचीं। यहां उन्हें एक मां अपने बच्चे को गोद में लिए बैठी मिली। इसे देखकर वह वहीं रुक गईं।
सांसद ने बच्चे की मां से पूछा-दूध मिला या नहीं। इसके बाद बच्चे को गोद में ले लिया। जब बच्चे का नाम पूछा गया और मां ने उसका नाम कान्हा बताया, तो हेमा मालिनी और ज्यादा खुश हो गईं।
बाढ़ में रेस्क्यू कर निकाले गए गोवंश को उन्होंने चारा खिलाया और भंडारे में खाना भी बांटा। इसके बाद सुवटी देवी स्कूल के शेल्टर होम पहुंचीं। वहां आधा घंटे तक रहीं। उन्होंने खाना खा रहे बाढ़ पीड़ितों को खाना परोसा और बच्चों को केला और चॉकलेट दिया।
मथुरा-वृंदावन में 15 दिन से यमुना की बाढ़ है। इससे 54 गांव और 35 कॉलोनियों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। गांवों में करीब 60 किलो मीटर के दायरे में सिर्फ पानी ही पानी दिख रहा है। हजारों हेक्टेयर में फसल बर्बाद हो चुकी है।
वृंदावन की 26 और मथुरा की 10 कॉलोनियों में 12 हजार लोग फंसे हैं। 3600 लोगों ने घर छोड़ दिए हैं। इन एरिया में 5 दिनों से लाइट की सप्लाई नहीं हो रही। दूध-सब्जी और साफ पानी के लिए लोग नाव से 2-3 ङे तक सफर कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button