मथुरा

हेमा मालिनी ने बाढ़ पीड़ितों को खाना परोसा: बच्चे को गोद में लेकर दुलारा

मथुरा । यमुना में आई बाढ़ ने मथुरा में तबाही मचा रखी है। बाढ़-बारिश के 7 दिन बाद बुधवार को सांसद हेमा मालिनी जायजा लेने पहुंची। यहां उन्होंने शेल्टर होम्स में विजिट किया। जहां पर बाढ़ से प्रभावित लोगों को ठहराया गया है। यहां उन्होंने सबसे पहले गुरुकुल में बनाए गए शेल्टर होम का जायजा लिया। यहां हेमा मालिनी ने पहले कृष्णा नाम के बच्चे को गोद में लिया और उसे दुलारा।
सांसद हेमा मालिनी ने बच्चे की मां से हंसते हुए कहा- वह इसे ले जाएं, इस पर मां ने मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने शेल्टर होम पर की गई व्यवस्थाओं को देखा। यहां उन्होंने गाय को चारा भी डाला। निरीक्षण के दौरान शेल्टर होम में रह रहे लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
गुरुकुल बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचीं सांसद हेमा मालिनी ने वहां इस्कॉन संस्था द्वारा वितरित किए जा रहे खाने को खुद भी बांटा। यहां उन्होंने लाइन में लगे लोगों को चावल वितरित किए। इसके बाद उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बंटने जा रहे दूध, ब्रेड आदि समान को भी देखा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर से पूछा कि साफ सफाई और फॉगिंग कराई जाए। जिस पर एसडीएम ने कहा यहां प्रतिदिन सफाई की जा रही है और फॉगिंग भी हो रही है।
सांसद हेमामालिनी वृंदावन के गुरूकुल शेल्टर होम में लोगों से बातचीत की। खाट पर बच्चा लेकर बैठी मां की गोद से बच्चे को हेमा मालिनी ने अपनी गोद में लिया। उसे दुलारते हुए मां से बच्चे का नाम पूछा। मां ने बच्चे का नाम कृष्णा बताया।
फिर हेमा मालिनी ने पूछा- दूध मिल रहा है या नहीं। तब मां ने जवाब है- हां, मैडम। मिल रहा है। हमें कोई परेशानी नहीं है। इसके बाद हेमा मालिनी ने बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से खाना परोसा। फिर बाढ़ राहत शिविर में रेस्क्यू कर लाए गए पशुओं को चारा भी खिलाया।
गुरुकुल से सांसद हेमा मालिनी सुबती देवी स्कूल में बनाए गए शेल्टर होम पहुंचीं। यहां की व्यवस्था प्रशासन के सहयोग से जगद्गुरु कृपालु परिषद कर रहा है। यहां की व्यवस्था देख सांसद संतुष्ट नजर आईं। सांसद हेमा मालिनी ने यहां खाना खाने बैठे बाढ़ पीड़ितों को चपाती परोसी।
इसके बाद वहां सफाई व्यवस्था संभाल रहे सफाई कर्मियों के साथ फोटो भी खींचाई। यहां वह करीब 40 मिनट तक रहीं। सांसद हेमा मालिनी ने बिरला मंदिर और लक्ष्मी नगर में बनाए गए शेल्टर होम का निरीक्षण किया। वहीं हल्के गुलाबी रंग की कॉटन साड़ी पहने अभिनेत्री हेमा मालिनी को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। निरीक्षण के दौरान धूप होने की वजह से हेमा मालिनी में काला चश्मा पहना हुआ था।

Related Articles

Back to top button