शरीर में पोटेशियम और सोडियम लो होना कितना खतरनाक है, अचानक गिरने लगते हैं लोग

हमारे शरीर के लिए पोटेशियम और सोडियम दोनों ही बहुत जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स हैं। ये दिल की धड़कन, मांसपेशियों की ताकत, नसों के संदेश और शरीर में पानी का बैलेंस बनाए रखते हैं। अगर इनमें कमी आ जाए तो शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है।
डॉक्टर विशाल सिंह, डायरेक्टर, नेफ्रोलॉजी (मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वैशाली) ने बताया कि, अगर शरीर में पोटेशियम कम हो जाए तो इसे हाइपोकैलीमिया कहते हैं। इससे मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और दिल की धड़कन एब्नार्मल हो सकती है। वहीं, सोडियम की कमी को हाइपोनेट्रेमिया कहते हैं, जिससे शरीर में पानी का बैलेंस बिगड़ता है और दिमाग पर असर पड़ सकता है। दोनों ही स्थिति में अगर ज्यादा बढ़ जाएं तो जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।
पोटेशियम की कमी के लक्षण
पोटेशियम की कमी में थकान
मांसपेशियों में खिंचाव या ऐंठन
हाथ-पांव में झुनझुनी
कमजोरी और थकान
दिल की धड़कन तेज या अनियमित हो सकती है
सोडियम की कमी के लक्षण
सोडियम की कमी में सिरदर्द
चक्कर आना और उलझन
बार-बार उल्टी जैसा महसूस होना
ज्यादा पसीना आना
हाथ-पैरों में सूजन
गंभीर स्थिति में सीजर्स आ सकते हैं
पोटेशियम और सोडियम की कमी होने पर क्या करें?
अगर आपको इन लक्षणों का अनुभव हो रहा है, तो सबसे पहले डॉक्टर से जांच कराएं। ब्लड टेस्ट से पोटेशियम और सोडियम का स्तर पता चलता है।
पोटेशियम की कमी होने पर खाने में केला, नारियल पानी, संतरा, पालक, आलू और दाल जैसी चीजें शामिल करें।
सोडियम की कमी होने पर हल्का नमक वाला सूप, छाछ, नींबू पानी या इलेक्ट्रोलाइट्स वाला घोल लिया जा सकता है।
बहुत ज्यादा कमजोरी, चक्कर या बेहोशी की स्थिति में तुरंत अस्पताल जाएं क्योंकि कभी-कभी ड्रिप या दवाई की जरूरत पड़ती है।
पोटेशियम और सोडियम की कमी को हल्के में न लें। बहुत ज्यादा पसीना, उल्टी, दस्त, डिहाइड्रेशन या दवाइयों के असर से ये खनिज कम हो सकते हैं। इसलिए पानी और संतुलित आहार लेते रहें। शरीर में पोटेशियम और सोडियम का बैलेंस सही रहना जरूरी है। कमी के शुरूआती लक्षण पहचानकर सही खानपान और समय पर इलाज लेने से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।