आगरा

दिन में छाया अंधेरा, मूसलाधार बारिश से 50 से अधिक जगहों पर 2-2 फीट तक जलभराव, राजामंडी सहित कई बाजारों में भरा पानी

आगरा। आगरा में सुबह बूंदाबांदी के बाद दोपहर में मूसलाधार बारिश हुई। लगभग दो घंटे तक जमकर पानी बरसा। इससे शहर में 50 से अधिक जगहों पर 2-2 फीट तक जलभराव हो गया है। सड़कों पर वाहन फंस गए हैं। इतने घने बादल छा गए कि दिन में अंधेरा छा गया।
दोपहर लगभग 1 बजे बारिश शुरू हुई। इसके बाद बंद नहीं हुई। 2 घंटे तक लगातार बारिश होने से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। इससे जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारी बारिश के बीच आगरा के कई बाजारों में पानी भर गया। राजामंडी बाजार लबालब हो गया। दुकानों मे पानी घुस गया। इसके चलते दुकानदारों को सामान समेटना पड़ा।
खेरिया मोड़, अलबतिया रोड, ट्रांसयमुना कॉलोनी, दौरेठा रोड, साकेत कॉलोनी, मारुति एस्टेट, मॉल रोड, एमजी रोड, चर्च रोड, तोता का ताल आदि जगहों पर जलभराव हो गया।
आगरा में सितंबर में जमकर बारिश हो रही है। 1 से 4 सितंबर के बीच आगरा में 12% बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार, 1 जून से 31 अगस्त तक आगरा में 26% बारिश हुई। वहीं, 1 जून से 4 सितंबर तक 38% बारिश हो चुकी है। यानि 4 दिनों में 12% बारिश हुई।
सबसे अधिक बारिश जून में हुई थी। जुलाई में भी बारिश का ग्राफ गिरा। वहीं, अगस्त में काफी कम बारिश हुई। सितंबर में एक बार फिर से झमाझम बारिश है। बीते 4 दिनों में दोपहर 2 से 3 बजे के बीच जोरदार बारिश हुई।

Related Articles

Back to top button