आगरा

धर्मांतरण की शिकायत पर 11 लोग गिरफ्तार:1 महीने चली गोपनीय जांच, उच्च शिक्षा मंत्री ने की थी शिकायत

आगरा। आगरा के शाहगंज में एक घर में धर्मांतरण कराने की शिकायत पर पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में पांच महिलाएं शामिल हैं। केदार नगर के एक घर में ईसाई धर्म सभा आयोजित कर हिंदुओं को बुलाया जाता था।
जहां सनातन धर्म हिंदू देवी देवता की पूजा पाठ से दूर रहने के लिए कहा जाता था। इसके बाद गरीबी और सारे कष्ट दूर होने का दावा किया जाता था। पुलिस ने करीब 1 महीने चली गोपनीय जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
भाजपा नेता सुनील कर्मचंदानी ने कहा-उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से इलाके में धर्मांतरण की गतिविधियों की शिकायत की थी। मामला पुलिस आयुक्त दीपक कुमार तक पहुंचा तो शाहगंज पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने 1 महीने तक जांच की, इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों को सादे कपड़ों में भेजा गया। पता चला कि शाहगंज में एक मोहल्ले में स्थित घर में प्रत्येक रविवार को धर्म सभा का आयोजन किया जाता था।
इसमें बाहर से कुछ लोग आया करते थे। आसपास के हिंदुओं को बुलाया जाता था। इसमें समस्या पूछने के बाद कष्ट दूर करने का दावा किया जाता था। इसके बाद धर्म परिवर्तन के लिए कहा जाता था। जो लोग तैयार होते थे उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन मिलता था। महिला पुलिस कर्मियों की भी बीमारी दूर करने की बात कही गई थी। 2 दिन पहले पुलिस ने घर से 5 महिला सहित 11 लोगों को पकड़ा लिया। इसमें एक मुख्य व्यक्ति भी शामिल है।

Related Articles

Back to top button