ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंचा यमुना का पानी:जलस्तर डेंजर लेवल से 2 फीट ऊपर, खेत में 3 घंटे फंसे रहे 25 किसान

आगरा । आगरा में यमुना एक बार फिर उफान पर है। यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया है। वहीं, कैलाश घाट, बल्केश्वर घाट, हाथी घाट और दहशरा घाट की सीढ़ियों सहित शमशान घाट के 8 चितास्थल डूब गए हैं। यमुना का जलस्तर डेंजर लेवल से 2 फीट ऊपर हो गया है।
आगरा में मंगलवार को गोकुल बैराज से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी यमुना में छोड़ा गया। जबकि सोमवार को 99 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिसके बाद आगरा में यमुना का जलस्तर 497 फीट पर पहुंच गया। जबकि आगरा में खतरे का अलर्ट निशान 495 फीट पर है। यानि आगरा में यमुना का जलस्तर खतरे के अलर्ट निशान से 2 फीट ऊपर आ गया है।
पहाड़ी इलाकों में हो रही अत्यधिक बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिस कारण इस बैराज से यमुना नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा काफी बढ़ गई है। यमुना नदी की सहायक नदियों के कैचमेंट एरिया में हो रही लगातार बारिश से भी यमुना नदी का जलस्तर आगरा के जल संस्थान में लगातार बढ़ रहा है।
हथिनीकुंड बैराज, सहारपुर से सुबह नौ बजे यमुना में 3.22 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। 5 सितंबर तक दोपहर तक पानी आगरा पहुंचेगा। इससे नदी का जलस्तर और बढ़ेगा।
यमुना नदी एक बार फिर रौद्र रूप लेती जा रही है। बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट, ताजगंज मोक्षधाम के 8 चितास्थल डूब गए। तनौरा-नूरपुर और मेहरा नाहरगंज के 25 किसान 3 घंटे तक खेतों में फंसे रहे थे, जिन्हें स्टीमर की मदद से निकाला गया। शहरी क्षेत्र से लेकर गांवों के मुहाने तक पानी पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने से सड़कों और गलियों में पानी भर सकता है।
सदर तहसील के डौकी क्षेत्र के तनौरा-नूरपुर के यमुना किनारे रहने वाले 5 परिवारों ने अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ली है। वे अपना घर छोड़ गए हैं। यमुना किनारे स्थित उनके घरों तक पानी पहुंच गया है।
शुभांगी शुक्ला ने बताया-गोकुल बैराज, मथुरा से 1 सितंबर को शाम 5 बजे यमुना नदी में 99,119 क्यूसक पानी छोड़े जाने से आगरा में यमुना का जलस्तर 497 फीट पर पहुंच गया। सिंचाई विभाग के अनुसार, यमुना नदी का जलस्तर जल संस्थान आगरा पर स्थिर होने की संभावना है।
तहसील सदर में यमुना नदी के लो फ्लड पर प्रभावित होने वाले ग्राम तनौरा, नूरपुर, कैलाश, स्वामी बाग, नगला बूढ़ी, अमर विहार दयालबाग, मोती महल, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, यमुना किनारा रोड वेदान्त मन्दिर से फोर्ट एवं तहसील फतेहाबाद में ग्राम भरापुर, बमरौली, ईदौन, भडायना, मेवीकलॉ, गुडा मेवली खुर्द, हिमायूपुर आदि ग्राम प्रभावित होने की संभावना है।