गोमांस के शक में कैंटर में तोड़फोड़, ड्राइवर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

आगरा । आगरा में सोमवार रात दो स्थानों पर गोवंश का मांस और हड्डियां होने की आशंका को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने 2 घंटे तक बवाल किया। रामबाग पर एक कैंटर में जानवरों की हड्डियां मिलने पर हंगामा किया। कैंटर में तोड़फोड़ कर चालक के साथ मारपीट की। ड्राइवर और खलासी ने पुलिस चौकी में भागकर जान बचाई।
हाईवे पर एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माने। इस पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
वहीं, दूसरी घटना पंचकुइयां चौराहे पर हुई। यहां पर बोरे में मांस मिलने पर हंगामा किया। हिंदूवादी संगठनों का आरोप था कि बोरे में गाय का मांस है।
रामबाग फ्लाई ओवर कट पर सोमवार रात 10 बजे बजरंगदल के पदाधिकारी और कार्यकतार्ओं ने गौ मांस के शक पर हड्डियों से भरे कैंटर को रोक लिया। ड्राइवर दानिश के साथ मारपीट की। आरोप था कि कैंटर में गाय की हड्डियां हैं। कैंटर के शीशे तोड़ दिए। कैंटर चालक व उसके साथी जान बचाने को भागकर रामबाग पुलिस चौकी पर पहुंच गए।
हिंदूवादियों ने बताया कि वो गाड़ी का भगवान टाकीज से पीछा कर रहे थे। गाड़ी से बहुत बदबू आ रही थी। ऐसे में रामबाग पर उन्होंने कैंटर को रोका। जब अंदर देखा तो उसमें हड्डियां भरी थीं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हिंदूवादियों को शांत कराया।
वहीं, सहारनपुर निवासी ट्रक चालक दानिश ने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ भरतपुर नगर निगम की ओर से नीलाम की गई पशुओं की हड्डियां लेकर सहारनपुर जा रहा था। रविवार को मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र के बजरंग दल के कार्यकतार्ओं ने कैंटर को रोक लिया।
वहां पुलिस ने 24 घंटे तक जांच की। इसके बाद कैंटर को छोड़ दिया। सोमवार रात 8:30 बजे जैसे ही वो भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर चढ़े, वैसे ही पीछे से बाइक सवार युवकों ने रोकना चाहा। वह आगे जाने लगे। मगर जवाहर पुल पार करते ही बजरंग दल कार्यकतार्ओं ने वाहन को रोक लिया।
आरोप है कि दर्जनभर कार्यकर्ता आ गए। उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी। चालक ने साथियों के साथ रामबाग पुलिस चौकी की ओर भागकर जान बचाई।
बजरंग दल के रामबाग जिला संयोजक अनिल शर्मा का कहना था कि गाड़ी से दुर्गंध आ रही थी। इस पर उसे रोकने का प्रयास किया। मगर चालक ने गति बढ़ा दी। पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन एक घंटे बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। इससे नाराज कार्यकतार्ओं ने प्रदर्शन किया।
सड़क पर बैठ गए, जाम लग गया। बाद में पुलिस पहुंची। जबरन कार्यकतार्ओं को हटा दिया। कुछ कार्यकतार्ओं को पकड़कर थाने भी ले गई। इस दौरान अनुज चौहान, सूरज कुशवाह, शैलू जाट, शिवम उपाध्याय, नामित चौहान, जय वर्मा आदि मौजूद रहे।