ताजा खबरराष्ट्रीय

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री अच्युतानंदन का निधन, 101 की उम्र में ली अंतिम सांस

तिरुवनंतपुरम। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ मार्क्सवादी नेता वी. एस. अच्युतानंदन का निधन हो गया है। उनकी उम्र 101 वर्ष थी। माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने यह जानकारी दी।
गोविंदन ने पत्रकारों को बताया कि अच्युतानंदन का निधन यहां एक निजी अस्पताल में हुआ, जहां वह करीब एक महीने पहले दिल का दौरा पड़ने के बाद से उपचार करा रहे थे। अच्युतानंदन माकपा के संस्थापक सदस्यों में से थे और जीवनभर मजदूरों के अधिकारों, भूमि सुधार और सामाजिक न्याय की वकालत करते रहे। उन्होंने 2006 से 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा दी और सात बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए। वह तीन बार विपक्ष के नेता भी रहे।
माकपा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन का 21 जुलाई को 101 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और जनता के प्रति अटूट समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा।’
वहीं, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। केरल के कम्युनिस्ट आंदोलन के महान नेता ‘वीएस’ साधारण परिवार से उठकर एक बड़े जनप्रिय नेता और 2006 से 2011 तक मुख्यमंत्री बने, जहां उन्हें सबका सम्मान मिला। उनके लाखों अनुयायी उन्हें याद करेंगे। ओम शांति!
कर्नाटक सरकार के मंत्री के. एल जॉर्ज ने लिखा, मैं वी एस अच्युतानंदन के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। वह केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के कम्युनिस्ट आंदोलन के एक महान स्तंभ थे। सामाजिक न्याय, जनकल्याण और सिद्धांतवादी राजनीति के प्रति उनका समर्पण आज भी हमारे देश में एक अमिट विरासत छोड़ गया है।

Related Articles

Back to top button