बुजुर्ग को कार में बंदकर ताजमहल देखने गया परिवार-वीडियो: गार्ड ने बुजुर्ग को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया

आगरा । आगरा में ताजमहल देखने आए पर्यटक बुजुर्ग को कार में बंद कर चले गए। बुजुर्ग के हाथ-पैर बंधे हुए थे। वो बोल नहीं पा रहे थे। पश्चिमी गेट पार्किंग के गार्ड और कर्मचारियों ने कार का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला। बुजुर्ग को एम्बुलेंस से हॉस्पिटल भेजा गया है। पुलिस कार स्वामी की तलाश कर रही है।
घटना कुछ देर पहले ताजमहल के पश्चिमी गेट पार्किंग की है। पार्किंग के गार्ड ने देखा कि एक खड़ी कार में बुजुर्ग हैं। बुजुर्ग के हाथ पैर कपड़े से बंधे हुए थे। वो काफी कमजोर थे। बोलने की स्थिति में नहीं थे। बंद कार में बुजुर्ग बेसुध हो रहे थे।
एक कर्मचारी कार के अंदर गया। बुजुर्ग को पानी पिलाया। वो बोल नहीं पा रहे थे। सभी ने मिलकर बुजुर्ग को बाहर निकाला। बुजुर्ग को एंबुलेंस से हॉस्पिटल भेजा गया है।
कार पर महाराष्ट्र का नंबर है। महाराष्ट्र शासन का स्टिकर भी लगा है। कार की छत पर सामान बंधा हुआ है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि महाराष्ट्र का परिवार कार से ही घूमने निकला है।
चूंकि बुजुर्ग चलने फिरने की स्थिति में नहीं हैं, इसीलिए उन्हें कार में ही बंदकर ताजमहल घूमने चले गए। पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस कार स्वामी की तलाश कर रही है।