यमुना एक्सप्रेसवे पर नाइट्रोजन गैस टैंकर में टक्कर:कैंटर ड्राइवर घायल
मथुरा । मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया जब एक गैस कैप्सूल में तेज रफ्तार आईसर कैंटर ने टक्कर मार दी। जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया , वही गैस लीक की सूचना पर पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे के कर्मचारी दौड़ पड़े।
मौके पर देखा कि कैंटर गैस कैप्सूल में पीछे से फंसा हुआ है जिसे क्रेन बुलाकर आनन फानन में निकाला गया और मौके पर सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बताया गया की गैस रिसाव की जानकारी के लिए इंजीनियरों की टीम बुलाई गई है।
थाना सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। माइलस्टोन 78 के पास एक खड़े नाइट्रोजन गैस कैप्सूल टैंकर में तेज रफ्तार आईसर कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ। हाईवे पर चल रहे वाहन गैस रिसाव की आशंका से रुक गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मी वॉटर टैंकर लेकर मौके पर पहुंच गए। टक्कर में कैंटर चालक बालकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
नाइट्रोजन गैस टैंकर के चालक देव सिंह देहरादून से कानपुर जा रहे थे। वे गांव हरिपुर खेरी, जिला देहरादून के रहने वाले हैं। घायल कैंटर चालक बालकिशन थाना फरह के गांव नगला छत्ती के निवासी हैं।
थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा ने बताया कि गैस लीक की आशंका को देखते हुए पूरी सतर्कता बरती गई। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कैप्सूल में फंसे कैंटर को बाहर निकाला गया। गैस रिसाव जैसी कोई घटना सामने नहीं आई। गैस लीक होने की सटीक जानकारी के लिए फरीदाबाद से इंजीनियर टीम बुलाई गई है उनके आने पर यहां कैप्सूल को बारीकी से जांच कर चेक किया जाएगा सही पाए जाने पर यहां से सुरक्षित उसे रवाना कर दिया जाएगा।