अरविंद केजरीवाल ने गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन की सेहत का जाना हाल
नई दिल्ली । दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का हाल जाना। साथ ही झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने पूर्व सीएम शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल जाकर झारखंड के मुख्यमंत्री और मित्र हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनके पिता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का हालचाल जाना। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का स्वास्थ्य खराब चल रहा है। वे दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं। चिकित्सकों के अनुसार, ब्रेन स्ट्रोक के कारण उनके शरीर के बाईं ओर पैरालिसिस हो गया है। फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
आईसीयू में केवल सीमित लोगों को ही उनसे मिलने की अनुमति दी गई है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद हैं। शिबू सोरेन की हालत जानने के लिए झारखंड से कई मंत्री और कांग्रेस नेताओं ने भी दिल्ली पहुंचकर हालचाल लिया है, लेकिन सुरक्षा एवं चिकित्सकीय दिशा-निदेर्शों के चलते सभी को मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा रही।
बता दें कि गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेता और कार्यकर्ता शीघ्र उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। रघुवर दास ने भी हेमंत सोरेन को फोन कर उनके पिता शिबू सोरेन की जानकारी ली है। शिबू सोरेन के बीमार होने के बाद से सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन लगातार दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं।