घर-घर जाकर हाउस टैक्स का नोटिस बांटेंगे 60 कर्मचारी:4 जोन में एक्टिव रहेगी यह टीम

आगरा । आगरा नगर निगम ने शहर में हाउस टैक्स वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। हरीपर्वत, छत्ता, ताजगंज और लोहामंडी जोन के लिए 60 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है। हर जोन में 15-15 कर्मियों की यह टीम घर-घर जाकर करदाताओं को बिल वितरित करेगी और समय पर हाउस टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करेगी।
अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी के अनुसार शहर में इस समय लगभग 3 लाख सक्रिय गृहकरदाता हैं। इन सभी को समयबद्ध ढंग से बिल उपलब्ध कराने और वसूली दर में सुधार लाने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है।
यदि कोई करदाता किसी कारणवश बिल जमा नहीं कर पा रहा है या उसे बिल प्राप्त नहीं हुआ है, तो वह सीधे संबंधित जोनल अधिकारी से संपर्क कर सकता है। इसके लिए जोनों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की जा रही है।
नगर निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए मुख्य सड़कों की व्यवसायिक संपत्तियों का सर्वे दोबारा कराएगा। दरअसल तमाम ऐसी संपत्तियां हैं, जिनमें व्यवसायिक गतिविधियां हो रही हैं और टैक्स आवासीय संपत्तियों का दिया जा रहा है। इसके साथ ऐसी भी संपत्तियां हैं जहां से टैक्स व्यवसायिक का तो दिया जा रहा है।
मगर, क्षेत्रफल काफी कम दिखाया गया है। ऐसी स्थिति में उन सभी संपत्तियों की जांच और पैमाइश की जाएगी। इनमें एमजी रोड, फतेहाबाद रोड, एमजी रोड 2, यमुनापार के प्रमुख सड़कें शामिल हैं।