आगरा में धारदार हथियार से 2 दोस्तों की हत्या:सिर पर चोट के निशान, पैर बंधे मिले
आगरा । आगरा में धारदार हथियार से दो दोस्तों की हत्या कर दी गई। दोनों के सिर में चोट के गहरे निशान हैं। कपड़े से उनके पैर बंधे हुए मिले। दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। लाश के पास गुटखा, डिस्पोजल ग्लास, पानी के पाउच बरामद हुए। माना जा रहा है कि शराब पिलाने के बाद इनकी हत्या की गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जा रही थी तभी एंबुलेंस को ग्रामीणों और परिजनों ने घेर लिया। शवों को नीचे उतारकर जाम लगा दिया। करीब 1 घंटे तक पुलिस ग्रामीणों को समझाने में लगी रही। हत्यारोपियों को पकड़े जाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। मामला किरावली थाना क्षेत्र का है।
थाना अछनेरा के गांव अरदाया निवासी नेत्रपाल (38) और कृष्ण पाल उर्फ केपी दोनों किसान हैं। दोनों ही आपस में गहरे दोस्त थे। रविवार शाम करीब 8 बजे दोनों एक साथ घर से निकले थे। कहा था कि कुछ देर में घूमकर वापस आ जाएंगे। देर रात होने के बाद भी दोनों घर नहीं लौटे।
दोनों के परिजनों ने उन्हें काफी खोजा। मगर कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे किसान कन्हैया खेत से चारा लेने जा रहे थे। उन्होंने देखा कि पुरामना नहर के पास दो डेडबॉडी पड़ी हुईं हैं। पास जाकर देखा तो शव नेत्रपाल और कृष्णपाल के निकले। उन्होंने दोनों के परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस भी पहुंची। नेत्रपाल के दोनों पैर कपड़े से बंधे हुए थे। दोनों के सिर पर चोट के गहरे चोट के निशान थे। सड़क के किनारे खून बिखरा पड़ा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मर्डर करने के बाद दोनों शवों को नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
घटनास्थल पर शवों के पास गुटखा, डिस्पोजल ग्लास, पानी के पाउच पड़े हुए थे। इन सभी को फारेंसिक टीम ने साक्ष्य के तौर पर एकत्र किए। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लेकर जाने लगी। तभी रास्ते में अछनेरा चौराहे पर ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। उन्होंने शवों को गाड़ी से नीचे उतार लिया।
अछनेरा-बिचपुरी-किरावली लिंक मार्ग पर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे परिजनों को समझाया। जल्द मामले का खुलासे का आश्वासन दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने बताया कि नेत्रपाल के एक बेटा और एक बेटी है। कृष्ण पाल के दो बेटियां हैं। उनकी वाइफ प्रेग्नेंट हैं।
डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने बताया- खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। परिजनों से तहरीर ले ली गई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों एक साथ रविवार शाम करीब 8 बजे के बीच निकले थे। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे चारा लेने जा रहे किसान कन्हैया ने डेडबॉडी देखी थी।