कपूर से नजर कैसे उतारते हैं? अभी जान लें ये तरीका बुरी दृष्टि से बचे रहेंगे आप

कपूर को हिंदू धर्म में पवित्रता और शुद्धता का प्रतीक माना जाता है। कपूर का इस्तेमाल घर में करने से सकारात्मक ऊर्जा का वास घर में होता है। पूजा के दौरान कपूर पूर्ण रूप से जल जाता है, ये हमें भक्ति में पूरी तरह से समर्पित होने का संदेश देता है। इसके साथ ही कई तरह के वास्तु दोषों से भी कपूर हमें दूर रखता है। वहीं दृष्टि दोष या नजर दोष से भी हम कपूर का इस्तेमाल करके बच सकते हैं। आइए जानते हैं कि कैसे आप कपूर का प्रयोग नजर उतारने में कर सकते हैं।
कपूर से नजर उतारने का तरीका
वास्तु शास्त्र के अनुसार, कपूर से नजर उतारने का पहला तरीका यह है कि जिस भी व्यक्ति को नजर लगी है उसे घर के मध्य स्थान, या उसके आसपास खड़ा कर दें। इसके बाद एक कपूर लेकर घड़ी की सुई की दिशा में सिर से लेकर पैर तक तीन बार कपूर को घुमाएं। फिर कपूर को जमीन पर रखकर इसे जला लें। इस बात का ख्याल रखें की कपूर को जमीन पर ही रखा जाए किसी अन्य चीज के ऊपर नहीं। माना जाता है कि ऐसा करने से बुरी नजर तुरंत उतर जाती है।
कपूर के एक अन्य उपाय के अनुसार, नजर उतारने के लिए आपको सबसे पहले 7 कपूर अपने पास रखने होंगे। आप या घर का जो सदस्य नजर दोष से पीड़ित है उसके सिर से सात बार दाएं से बायीं ओर कपूर घुमाएं। फिर रात्रि के समय किसी चौराहे पर जाकर इन सभी कपूरों को जला दें। कपूर को जलाने के बाद घर की ओर बढ़ें और गलती से भी पीछे की ओर मुड़कर न देंखें। माना जाता है कि ऐसा करने से बड़े से बड़ा नजर दोष भी दूर हो जाता है।
कपूर के इन उपायों के अलावा अगर आप प्रतिदिन घर में कपूर का धुआं करते हैं और पूजा स्थल पर भी कपूर जलाते हैं तो सकारात्मक घर में आती है। यह आसान सा कार्य करने से भी वास्तु और नजर दोष से आप बचे रहते हैं।
कपूर के जलने से ऐसे चलता है नजर दोष का पता
अगर कपूर को जलाने पर उससे चरमराहट की आवाज आती है तो समझ जाइए की बहुत बुरी नजर की चपेट में आप हैं। वहीं, अगर कपूर जलाने पर लौ बंद कमरे में भी लहराने लगे (अस्थिर लगे) और उससे धुआं भी निकले तो समझ जाइए किसी की नजर आप पर लगी है, लेकिन आवाज न आए तो सामान्य रूप से आप प्रभावित हैं। वहीं अगर कपूर की लौ सीधी हो और इससे धुआं न निकले तो समझ जाइए आपको किसी की नजर नहीं लगी। अगर आप नजर दोष से पीड़ित होते हैं तो वास्तु के अनुसार, कपूर के उपाय करने के बाद दोष तुरंत उतर जाता है।