गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में स्वच्छता अभियान:डीएम ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
गोवर्धन । गोवर्धन के गिरिराज तलहटी में 5 जुलाई को एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने इस अभियान का नेतृत्व किया। एसडीएम गोवर्धन नीलम श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में पंचायती राज विभाग, तहसील और नगर पंचायत गोवर्धन ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
तहसील के कर्मचारियों ने बड़ी परिक्रमा मार्ग, दानघाटी मंदिर और गिरिराज पर्वत पर विशेष ध्यान दिया। डीएम ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिक्रमा मार्ग की सफाई में योगदान दिया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि यह अभियान तलहटी के धार्मिक स्वरूप को बनाए रखने के लिए आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इससे स्वच्छता के साथ-साथ लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। प्रशासन ने इस अभियान को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया है।
अभियान के दौरान दानघाटी मंदिर के सामने अवैध दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी के आदेश पर इन दुकानों का चालान काटा गया। यह कदम धार्मिक स्थलों की पवित्रता और व्यवस्था को बनाए रखने की प्रशासन की प्रतिबद्धता को दशार्ता है।