मथुरा के वार्ड 33 में जलभराव से परेशान बाशिन्दे:नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन, रोड और नाली निर्माण की मांग

मथुरा । मथुरा के वार्ड नंबर 33 में स्थित मेजर ध्यानचंद रोड पर बारिश का पानी जमा होने से स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोड पर 4 से 5 फीट तक पानी भरा हुआ है और निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।
इस समस्या से आक्रोशित महिलाओं ने मथुरा वृंदावन नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रोड और नाली का निर्माण नहीं किया गया तो वे रोड पर प्रदर्शन करेंगी।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दो-तीन दिन पहले एक युवक की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को ले जाने में भी परिवार को कठिनाई का सामना करना पड़ा।
स्थानीय बुजुर्ग सुंदरलाल ने बताया की समस्या के बारे में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया लेकर समस्या का आज तक समाधान नहीं हुआ है इस जल भराव के कारण उनके घरों में पानी घुस गया है जिसके कारण खान पीन की वस्तुएं भी पूरी तरह से चल मग्न हो गई और दो दिन से उन्होंने खाना तक नहीं खाया है लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं है। आज मजबूर हो कर स्थानीय लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
क्षेत्रीय पार्षद चौधरी अभिजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए कई बार नगर निगम के अधिकारियों को लिखित में अवगत कराया है। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही रोड और नाली का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही वर्तमान में जमा पानी की निकासी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मेजर ध्यानचंद रोड पर लगभग 10-12 कॉलोनियां बसी हुई हैं। यह रोड काफी पुरानी है, लेकिन पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश के मौसम में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।