ताजमहल के पास जिसने की फायरिंग, वो है मानसिक रोगी…सवाल ये है कि कैसे बन गया शस्त्र लाइसेंस
आगरा । आजमगढ़ के पंकज कुमार सिंह के पास लाइसेंसी रिवाल्वर है। वह पेशे से एलआईसी एजेंट है। उसका शस्त्र लाइसेंस 2021 में आजमगढ़ से बना है, जबकि लखनऊ स्थित नूर मंजिल साइकेट्रिक सेंटर में उसका वर्ष 2003 से इलाज चल रहा है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार का कहना है कि उसके लाइसेंस के संबंध में आगरा पुलिस रिपोर्ट भेजेगी।
पुलिस ने बताया कि उसका इलाज भाई लखनऊ में कराता था। इसलिए वह सीधा वहीं पहुंच गया। पुलिस ने उसके इलाज का पर्चा जारी किया है, वह दिसंबर 2003 का है। वहीं पुलिस के अनुसार उसका शस्त्र लाइसेंस 2021 में जारी किया गया है। सवाल उठता है कि जब उसका इतने लंबे समय से मनोरोग का इलाज चल रहा था तो शस्त्र लाइसेंस कैसे बन गया? इस संबंध में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार का कहना है कि आरोपी के शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण के संबंध में अपनी रिपोर्ट आगरा पुलिस आजमगढ़ भेजेगी।
एसीपी ताज सुरक्षा ने बताया कि पंकज अपने पत्नी, बच्चों सहित 6 लोगों के साथ कार से भ्रमण करने निकला था। प्रयागराज से मथुरा, गोवर्धन भ्रमण किया। गोवर्धन में अपने परिवारीजन से उसका झगड़ा हो गया। इसके बाद वह परिजन को गोवर्धन में छोड़कर टैक्सी करके आगरा पहुंच गया।