यमुना एक्सप्रेसवे पर खड़े कैंटर में घुसी तेज रफ्तार कार:दिल्ली के एक युवक की मौत

मथुरा । मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। मांट थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 92 के पास आगरा से नोएडा जा रही तेज रफ्तार वर्ना कार खड़े आयशर कैंटर में जा घुसी।
कार में सवार दिल्ली के ओखला जाकिर नगर निवासी मोहम्मद उमर शाकिर और उनके साथी अभिज्ञान थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कैंटर में आधे हिस्से तक घुस गई। दोनों यात्री कार में बुरी तरह फंस गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम भी वहां आ गई। पुलिस ने मुश्किल से दोनों को कार से निकाला। एंबुलेंस से उन्हें मथुरा के जिला अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने उमर शाकिर को मृत घोषित कर दिया। अभिज्ञान की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।