पुलिस ने खुले में शराब पीने वाले 337 पकड़े:थानों में दिलाई शपथ

आगरा। आगरा पुलिस ने खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार रात 337 लोगों को सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते हुए पकड़ा गया। 313 वाहनों का चालान किया गया। 12 वाहनों को सीज किया गया। आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने शहरवासियों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने वाले की सूचना 112 पर दें।
आगरा पुलिस ने बीती रात को शहर में सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। रात को थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी शराब के ठेके और मॉडल शॉप पर पहुंचे। यहां पर जो भी लोग खुले में शराब पी रहे थे। उनको पकड़ा गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है।
खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा सभी को थानों में भविष्य में खुले में शराब न पीने की शपथ भी दिलाई गई। जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनके आचरण में सुधार के लिए प्रेरित किया गया।
जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों को मेरा नमस्कार, मैं आपका पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार। आप जनपद वासियों से एक सहयोग चाहता हूं। मैंने अभी हाल ही में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन के विरूद्ध अभियान शुरू कराया है। इस अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्यवाहियां हुई हैं, जो लगातार जारी हैं।
मैं चाहता हूं कि हम इस अभियान को साथ मिलकर और अधिक प्रभावी रूप से अंजाम दें। इस सम्बन्ध में मुझे आपका अपेक्षित सहयोग चाहिए, जिसमें आप यदि किसी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करते हुए देखते हैं तो इसकी सूचना 112 डायल कर दे सकते हैं। आपके सहयोग से हम जनपद में सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन को पूर्णत: रोक सकते हैं।
आइए, हम एक साथ मिलकर एक सभ्य और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, एक अच्छे और जागरूक नागरिक का परिचय दें।