‘सलाहकारों की वजह से सपा हाशिए पर’:आगरा में मत्स्य मंत्री बोले-बिहार में हम हारी हुई सीटें भी जीत जाएंगे

आगरा । आगरा में आयोजित मंडलीय मत्स्य पालक गोष्ठी में आए यूपी सरकार के मत्स्य मंत्री व निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद ने एक बार फिर सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि-सलाहकारों की वजह से सपा हाशिये पर है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार भी निषाद पार्टी खड़ी और बड़ी हो रही है। हमारे कार्यकर्ता वहां काम कर रहे हैं।
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा के तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित किए जाने के सवाल पर डा. संजय ने कहा कि सपा मुखिया को उनकी बात सुननी चाहिए थी। सभी फैसले पार्टी ले लेगी तो जनता पार्टी को ही वोट देगी, नेता को वोट नहीं देती।
जब उनको निकालना ही था तो उसी समय निकाल देते। उनके साथ तो और भी बहुत लोग थे, उनके खिलाफ भी एक्शन लेना चाहिए था। उन्होंने कहा-कभी सपा मुखिया हाशिये पर जाकर फैसला लेते हैं। उनके सलाहकार भी ऐसे हैं कि जिनकी वजह से सपा हाशिये पर है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा-बिहार में 235 सीटें ऐसी हैं, जो निषाद समाज बाहुल्य हैं। वहां निषाद पार्टी के कार्यकर्ता जोरशोर से काम कर रहे हैं। डा. संजय ने कहा-मैं चाहता हूं कि भाजपा हमें वहां हारी हुईं सीटें दे दे। हम उन सीटों को जीत में बदल देंगे। जिस तरीके से हमें पिछली बार 15 हारी सीटें मिलीं थी, उसमें से भी हमने 11 सीट जीत कर दिखाई थीं।
पंचायत चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा-पंचायत चुनाव बिना सिंबल का चुनाव होता है। इसे कार्यकर्ता लड़ते हैं। भाजपा के भी कार्यकर्ता लड़ते हैं और निषाद पार्टी के भी लड़ते हैं। इस चुनाव में सब अपने होते हैं। जो हारता है वह भी अपना है और जो हारता है वह भी अपना है।
मगर, जीतने के बाद जब जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होता है तो वह सिंबल पर होता है। इसमें हम पहले ही साफ कर चुके हैं कि वहां निषाद पार्टी, भाजपा का समर्थन करेगी।
उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा-निषाद समाज जब साइकिल का बटन दबा रहा था, तब साइकिल दौड़ रही थी। जब हाथी का बटन दबा रहा था, तब हाथी दौड़ रहा था। जब पंजे का बटन दबा रहे थे, तब पंजा खूब चल रहा था। जब साइकिल और हाथी साथ हो गए, तो सपा हॉफ हो गई और भाजपा और निषाद साथ हो गए।