टेस्ला जुलाई से भारत में, मुंबई-दिल्ली में शोरूम खोलेगी

नई दिल्ली। इलॉन मस्क की इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी टेस्ला जुलाई 2025 में भारत में अपने पहले शोरूम ओपन करने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये शोरूम मुंबई और नई दिल्ली में खुलेंगे। कंपनी यहां अपनी मेड-इन-चाइना मॉडल वाई कारें बेचेगी। ये कारें टेस्ला की शंघाई फैक्ट्री से भारत लाई जाएंगी। भारत में कंपनी की कारों की कीमत 48 लाख रुपए से शुरू हो सकती है।
टेस्ला का भारत में आना इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा आॅटोमोबाइल मार्केट है। कंपनी को यूरोप और चीन में बिक्री में कमी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में भारत उनके लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। कंपनी की मॉडल वाई दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है, ये भारतीय ग्राहकों को भी पसंद आ सकती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, टेस्ला जुलाई के मिड तक मुंबई में अपना पहला शोरूम ओपन करेगी। इसके बाद कंपनी जुलाई में ही नई दिल्ली में भी अपना एक शोरूम खोलेगी। कंपनी ने अमेरिका, चीन और नीदरलैंड से सुपरचार्जर कंपोनेंट, कार एक्सेसरीज, मर्चेंडाइज और स्पेयर्स भी इंपोर्ट किए हैं।
टेस्ला भारत के साउथ में कर्नाटक में वेयरहाउस के लिए जगह किराए पर ले रही है। इसके अलावा कंपनी नई दिल्ली के बाहर गुरुग्राम में भी जगह लीज पर लेने की प्लानिंग कर रही है। इसके अलावा दूसरे देशों से टेस्ला के अधिकारी मुंबई और नई दिल्ली के शोरूमों पर वीकली विजिट भी कर रहे हैं।
भारत सरकार ने हाल ही में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए नई पॉलिसी बनाई है, जिसमें विदेशी कंपनियों को कम इंपोर्ट ड्यूटी (15%) का फायदा मिल सकता है, बशर्ते वे भारत में 500 मिलियन डॉलर यानी 4,327 करोड़ रुपए का निवेश करें और तीन साल में लोकल प्रोडक्शन शुरू करें। टेस्ला इस पॉलिसी का फायदा उठाने की तैयारी में है।